बरेली। बहेड़ी थाना पुलिस ने गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 130 ग्राम चरस के साथ दिल्ली निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार 12 अक्टूबर की रात करीब 12:10 बजे बहेड़ी थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय शहजाद पुत्र शाहिद हुसैन निवासी गली नंबर नौ, वजीराबाद गांव, बुराड़ी, उत्तरी दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 130 ग्राम चरस बरामद हुई।
चरस बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था आरोपी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी शहजाद ने बताया कि वह चरस बेचकर होने वाली कमाई से अपना जीवनयापन करता है। वह इस बार भी चरस बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इस मामले में बहेड़ी थाने में मुकदमा संख्या 803/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 27 में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में ये रहे शामिल
आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक तेजपाल सिंह, हेड कांस्टेबल विकास पंवार और हेड कांस्टेबल राजीव कुमार शामिल रहे।