google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

बरेली। बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित बरेली दौरे को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बरेली क्लब मैदान में जनसभा और पुलिस लाइन में ग्राम चौकीदारों के सम्मान समारोह की तैयारी की जा रही है। समारोह में बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं, मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर, संभल और बिजनौर के ग्राम चौकीदारों को सम्मानित किया जाएगा। शनिवार को अधिकारियों ने संभावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भाजपा संगठन भी जनसभा की तैयारियों में जुट गया है।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री 13 अक्टूबर को बरेली आ सकते हैं। हालांकि, उनके 14 अक्टूबर को आने की भी संभावना जताई जा रही है। शासन से मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी होने का इंतजार है। इसके बाद ही दौरे की तारीख, कार्यक्रमों के क्रम और रूट की आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होगी।

बरेली क्लब में जनसभा, भाजपा ने बनाई रणनीति

संभावित कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री शिक्षक एमएलसी चुनाव में प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लों के समर्थन में बरेली क्लब मैदान पर जनसभा को संबोधित कर सकते हैं। जनसभा की तैयारियों को लेकर भाजपा पदाधिकारियों ने बैठक की और कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की। संगठन के पदाधिकारियों के बीच बैठकों का दौर जारी है। प्रशासनिक स्तर पर भी आयोजन स्थल और आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है।

चार जिलों के ग्राम प्रहरियों को मिलेगा सम्मान

जनसभा से पहले पुलिस लाइन में ग्राम प्रहरियों यानी चौकीदारों का सम्मान समारोह आयोजित करने की तैयारी है। इसमें बरेली मंडल के बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत और बदायूं जिले के ग्राम प्रहरियों को मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे। शनिवार को पुलिस लाइन पहुंचे अधिकारियों ने समारोह से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए आयोजन स्थलों के आसपास सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी संभावित रूट भी परख रहे हैं।

मीरगंज की गोशाला के निरीक्षण की भी चर्चा

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री जनसभा के बाद मीरगंज स्थित एक गोशाला का निरीक्षण भी कर सकते हैं। फिलहाल इसे लेकर अंतिम कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है। शासन से विस्तृत कार्यक्रम मिलने के बाद तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। उधर, सहकारिता राज्यमंत्री जेपीएस राठौर के सोमवार शाम बरेली पहुंचने का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी हो गया है। वह सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। मंगलवार को मुख्यमंत्री के स्वागत और प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *