बरेली। मीरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को रामगंगा नदी में नहाने गए दो भाई तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगे। जान बचाने के लिए मची चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मदद को दौड़े। उन्होंने आदेश सिंह को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन उनके भाई अंकित (23) पानी के साथ बह गए। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर उनकी तलाश में जुटे हैं।
कपूरपुर गांव निवासी अंकित अपने भाई आदेश सिंह के साथ शनिवार को रामगंगा नदी में नहाने गए थे। दोनों किनारे पर नहा रहे थे, तभी पानी के तेज बहाव के बीच उनका संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में पहुंचकर डूबने लगे। उन्होंने बाहर निकलने के लिए पूरी ताकत लगाई, लेकिन बहाव के आगे उनकी कोशिशें बेअसर रहीं। खुद को संकट में घिरा देख दोनों भाइयों ने मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण, आदेश को बाहर निकाला
नदी से आती चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत बचाव में जुट गए। ग्रामीणों ने आदेश सिंह को पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अंकित को नहीं बचा सके। वह तेज बहाव के साथ आगे बह गए। ग्रामीणों ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश शुरू की, मगर सफलता नहीं मिली। दो भाइयों के डूबने की खबर गांव तक पहुंची तो बड़ी संख्या में लोग रामगंगा के तट पर जमा हो गए।
एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा, तेज बहाव से तलाश में मुश्किल
घटना की सूचना मिलते ही मीरगंज के सीओ अजय कुमार और थाना प्रभारी रवि कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों के साथ टीम ने अंकित को खोजने के लिए अभियान शुरू किया। हालांकि नदी में पानी का बहाव तेज होने से तलाशी अभियान में मुश्किल आ रही है। पुलिस की मौजूदगी में बचाव दल लगातार उनकी तलाश कर रहा है।
बेटे की सलामती की आस में तट पर डटे परिजन
अंकित के लापता होने की खबर पर परिजन भी नदी किनारे पहुंच गए। जवान बेटे के डूबने से परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन उनकी सकुशल वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं। सीओ अजय कुमार ने बताया कि नहाते समय डूबे दो युवकों में से एक को बचा लिया गया है। दूसरे की तलाश में राहत-बचाव अभियान जारी है।