बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र में बिलवा पुल के पास शुक्रवार देर रात डंपर की टक्कर से स्कूटी सवार फोटोग्राफर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ जा रही महिला मित्र गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया और युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, हादसा रात करीब ढाई बजे हुआ। भोजीपुरा क्षेत्र के गांव आटा पट्टी सोमाली निवासी इरफान (24) अपनी महिला मित्र के साथ स्कूटी से जा रहा था। बिलवा पुल के पास डंपर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में इरफान की जान चली गई। घायल महिला का एक हाथ कटने की भी सूचना है।
वीडियोग्राफी के काम से जाने की बात कहकर निकला था
इरफान फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी का काम करता था। शुक्रवार शाम वह अपनी मां हाजरा को वीडियोग्राफी के काम से बरेली जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात हादसे में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस हादसे की जांच के साथ ही फरार डंपर चालक की तलाश कर रही है।