बरेली। मीरगंज थाना क्षेत्र के गहबरा गांव में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत के बाद परिजन अंतिम संस्कार करने पहुंच गए। चिता जल चुकी थी, तभी हत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। अंतिम संस्कार रुकवाकर शव चिता से निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
विवाद के बाद सिर पर हमला करने का आरोप
ग्रामीणों के मुताबिक, मंगलवार रात गांव निवासी जयदेव का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर जयदेव ने सिलबट्टे से पत्नी के सिर पर वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
अंतिम संस्कार के दौरान पहुंची पुलिस
महिला की मौत के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए और चिता जला दी। इसी बीच किसी ने पुलिस को हत्या की सूचना दे दी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार रुकवाया। जलती चिता से शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने पति जयदेव को हिरासत में ले लिया है और घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है।
मायके वाले पहुंचे, तहरीर मिलने पर दर्ज होगा मुकदमा
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि मृतका के मायके वाले आ गए हैं। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है।