बरेली। सुभाषनगर पुलिस ने चोरी की दो बाइक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 12 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक दोनों चोरी की बाइक बेचने के लिए निकले थे, लेकिन बीडीए गेट के पास मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, चार अक्टूबर को सुभाषनगर क्षेत्र में एक व्यक्ति ने घर के बाहर खड़ी अपनी पैशन प्रो बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस बाइक की तलाश में जुटी थी।
बीडीए गेट के पास पुलिस ने दबोचा
मंगलवार को सुभाषनगर पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक चोरी की बाइक लेकर बीडीए गेट से ग्राम मिलक की ओर जाने वाले रास्ते पर मौजूद हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान मढ़ीनाथ शिवनगर निवासी मनीष और करगैना निवासी ललित कश्यप के रूप में हुई। तलाशी और पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके कब्जे से दो बाइक बरामद कीं। इनमें एक बाइक चार अक्टूबर को मढ़ीनाथ क्षेत्र से चोरी हुई थी। पुलिस के मुताबिक दूसरी बाइक बरेली जंक्शन के पास से चोरी की गई थी। आरोपियों के पास से एक अवैध तमंचा और 12 बोर का एक जिंदा कारतूस भी मिला।
पुलिस का दावा- बेचने की फिराक में थे आरोपी
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने दोनों बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि एक बाइक मढ़ीनाथ और दूसरी बरेली जंक्शन के पास से चोरी की थी। मंगलवार को दोनों बाइक बेचकर रुपये कमाने की फिराक में थे, इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। बरामदगी के बाद पहले से दर्ज मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2), 317(4) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 बढ़ाई गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार नैन, उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, अनुज कुमार, नितिन शिरीष और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।