बरेली। बरेली कॉलेज में शिक्षकों और कर्मचारियों के वाहनों के प्रवेश पर रोक का विवाद सोमवार को और गरमा गया। धरने के समर्थन में पहुंचे सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार और कैंट विधायक संजीव अग्रवाल भी प्राचार्य कार्यालय के सामने दरी पर बैठ गए। सांसद ने प्राचार्य से फोन पर नाराजगी जताते हुए प्रतिबंध तत्काल हटाने को कहा।
शिक्षकों और कर्मचारियों ने दोनों जनप्रतिनिधियों को वाहन प्रवेश पर रोक और उससे हो रही परेशानी की जानकारी दी। इस पर सांसद ने प्राचार्य प्रो. ओमप्रकाश राय को फोन किया। प्राचार्य ने अपने एटा में होने की बात कही तो सांसद ने सवाल किया कि शिक्षकों को क्यों परेशान किया जा रहा है।
प्राचार्य ने सचिव के आदेश का दिया हवाला
प्राचार्य ने बताया कि प्रबंध समिति के सचिव देवमूर्ति के आदेश पर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। इस पर सांसद ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को अपने वाहन कॉलेज परिसर में लाने के लिए इस तरह परेशान नहीं किया जाना चाहिए। उनके वाहनों के प्रवेश पर लगाया गया प्रतिबंध तत्काल वापस लिया जाए। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने भी समस्या का समाधान कराने की बात कही।
डीएम से बोले- वाहन प्रवेश पर स्पष्ट निर्णय लें
सांसद ने जिलाधिकारी अविनाश सिंह से भी फोन पर वार्ता की। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी प्रबंध समिति के अध्यक्ष हैं, इसलिए इस मामले में स्पष्ट निर्णय लें, ताकि शिक्षकों और कर्मचारियों के वाहन कॉलेज परिसर में प्रवेश कर सकें। जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद सोमवार का धरना समाप्त कर दिया गया। हालांकि शिक्षक संघ के सचिव प्रो. वीपी सिंह ने कहा कि शाम तक वाहन प्रवेश के संबंध में ठोस निर्णय नहीं हुआ तो मंगलवार को भी प्राचार्य कार्यालय के सामने धरना दिया जाएगा।