UP NEWS भाजपा प्रत्याशी के नामांकन कार्यक्रम में जुटे नेता और सपा कार्यालय में आयोजित बैठक में मौजूद पदाधिकारी

बरेली। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में सोमवार को भाजपा और सपा प्रत्याशियों के नामांकन को लेकर हलचल तेज हो गई। भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरी सिंह ढिल्लो नामांकन के लिए पहुंच चुके हैं। उनके नामांकन में शामिल होने भूपेंद्र सिंह चौधरी भी आए हैं। ढिल्लो कुछ देर में पर्चा दाखिल करने जाएंगे। वहीं, सपा प्रत्याशी दानिश अख्तर दोपहर बाद नामांकन करेंगे।

निर्वाचन क्षेत्र में 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होने के साथ नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई थी। मंगलवार, छह अक्तूबर को नामांकन का अंतिम दिन है। प्रत्याशी पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक रिटर्निंग अधिकारी या सहायक रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं।

सात को जांच, नौ तक नाम वापसी

सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रीति जायसवाल ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच सात अक्तूबर को होगी। प्रत्याशी नौ अक्तूबर तक नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। मतदान 23 अक्तूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। मतगणना 27 अक्तूबर को कराई जाएगी और 31 अक्तूबर तक निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होगी।

सौ मीटर पहले रुकेंगे समर्थक, नारेबाजी पर रोक

नामांकन के दौरान सुरक्षा और प्रवेश को लेकर सख्त व्यवस्था निर्धारित की गई है। मंडलायुक्त कार्यालय से सौ मीटर पहले बैरिकेडिंग पर समर्थकों को रोक दिया जाएगा। नामांकन पत्र लेने या दाखिल करने वाले लोगों को ही अंदर प्रवेश मिलेगा। प्रवेश के लिए जंक्शन रोड की ओर स्थित गेट तय किया गया है। परिसर में पुलिस का पहरा रहेगा और नारेबाजी की अनुमति नहीं होगी। निर्वाचन आयोग के निर्देशों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

चार नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे अभ्यर्थी

निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर मंडलायुक्त शंभू कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को नियमों की जानकारी दी जा चुकी है। एक अभ्यर्थी अधिकतम चार नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकेगा। नामांकन पत्र अभ्यर्थी या उसके प्रस्तावक को व्यक्तिगत रूप से जमा करना होगा। डाक, फैक्स या ई-मेल से भेजे गए नामांकन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *