UP NEWSरोहित और अजय के फाइल फोटो

बरेली। सीबीगंज क्षेत्र में रविवार को शंखा नदी में नहाने गए दो ममेरे-फुफेरे भाई गहरे पानी में डूब गए। दोनों गांव के चार अन्य लड़कों के साथ नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान गहरे पानी में जाने के बाद तेज बहाव की चपेट में आकर दोनों बह गए। साथ गए लड़कों ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी दी तो परिजन और ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर दोनों की तलाश शुरू करा दी है।

ननिहाल आया था अजय, रोहित के साथ पहुंचा नदी

सीबीगंज क्षेत्र के गांव सनैया रानी निवासी 18 वर्षीय अजय कश्यप रविवार सुबह परखाखेड़ा गौटियां स्थित अपनी ननिहाल आया था। करीब 11 बजे वह अपने ममेरे भाई 17 वर्षीय रोहित पुत्र किशन पाल और गांव के चार अन्य लड़कों के साथ शंखा नदी में नहाने चला गया। नहाते समय अजय और रोहित गहरे पानी की ओर चले गए। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों खुद को संभाल नहीं सके और बहने लगे। साथ मौजूद लड़कों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में डूब गए।

गांव पहुंचकर लड़कों ने दी सूचना

घटना से घबराए साथ गए लड़के गांव पहुंचे और परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर से दोनों युवकों की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। सूचना मिलने पर सीबीगंज पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर नदी में तलाश शुरू कराई। दोपहर तीन बजे तक दोनों का पता नहीं चल सका था। नदी में उनकी तलाश लगातार जारी है।

नदी किनारे जुटे परिजन, परिवार में कोहराम

अजय और रोहित के डूबने की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजन नदी किनारे पहुंच गए और उनके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों युवकों के पिता मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *