bareillyकार्यालय।

बरेली। किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी देने के लिए आयोजित होने वाली किसान पाठशालाओं, गोष्ठियों और कृषि मेलों की व्यवस्थाओं पर कृषि विभाग करीब 2.13 करोड़ रुपये खर्च करेगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 में बरेली के साथ ही प्रदेश और प्रदेश से बाहर होने वाले इन कार्यक्रमों के लिए विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। चयनित फर्म को टेंट और फर्नीचर से लेकर साउंड सिस्टम, खानपान, परिवहन और प्रचार-प्रसार तक की जिम्मेदारी संभालनी होगी।

उप कृषि निदेशक कार्यालय की ओर से व्यवस्थाओं के लिए जेम पोर्टल पर निविदा आमंत्रित की गई है। इसके लिए बिड संख्या GEM/2026/B/8078781 के तहत 24 सितंबर को प्रक्रिया शुरू की गई। टेंडर में शामिल होने वाली फर्म का जेम पोर्टल पर पंजीकृत होना अनिवार्य किया गया है।

टेंट, बिजली और साउंड सिस्टम का होगा इंतजाम

किसान पाठशालाओं, गोष्ठियों और कृषि मेलों के आयोजन के दौरान टेंट और फर्नीचर की व्यवस्था के साथ अस्थायी बिजली कनेक्शन और साउंड सिस्टम का इंतजाम भी चयनित फर्म को करना होगा। कार्यक्रमों में आने वाले लोगों के लिए खानपान और जलपान की व्यवस्था भी इसी टेंडर के दायरे में रखी गई है। इसके अलावा किसानों और अन्य प्रतिभागियों के परिवहन, प्रचार-प्रसार के लिए वाहन, प्रचार सामग्री और लेखन सामग्री समेत कार्यक्रमों में जरूरत के मुताबिक अन्य सामान उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी चयनित एजेंसी की होगी।

टेंडर में शामिल होने के लिए 2.13 लाख की ईएमडी

निविदा की अनुमानित लागत करीब 2.13 करोड़ रुपये है। टेंडर में शामिल होने वाली फर्मों को निविदा लागत की एक प्रतिशत धनराशि यानी 2.13 लाख रुपये ईएमडी के रूप में जमा करनी होगी। यह धनराशि राष्ट्रीयकृत बैंक से जारी डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से उप कृषि निदेशक, बरेली के पक्ष में जमा करानी होगी।

ब्लैकलिस्ट फर्में नहीं ले सकेंगी हिस्सा

कृषि विभाग ने टेंडर की शर्तें भी तय की हैं। किसी सरकारी विभाग, संस्था अथवा समिति की ओर से पूर्व में प्रतिबंधित या ब्लैकलिस्ट की गई फर्म, संस्था अथवा कंपनी इस निविदा में हिस्सा नहीं ले सकेगी। निविदाओं को स्वीकार अथवा अस्वीकार करने का अधिकार निविदा समिति के पास सुरक्षित रहेगा। विभाग ने टेंडर से संबंधित सूचना सार्वजनिक करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *