बरेली। गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर नगर निगम ने शुक्रवार को स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान का समापन जनभागीदारी के संदेश के साथ किया। शहर में नुक्कड़ नाटक से लेकर विशेष सफाई अभियान और स्वच्छता शपथ तक कई कार्यक्रम हुए। नगर निगम के मुताबिक इन गतिविधियों में 1000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान डेयरी और ग्रीन वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए प्रस्तावित CBG प्लांट की पहल की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत महापौर डॉ. उमेश गौतम और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर की। इसके बाद अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने स्वच्छता की शपथ ली। कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, SBM IEC टीम, वन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राएं शामिल हुईं। नुक्कड़ नाटक के जरिये लोगों को चार प्रकार के कचरे को अलग-अलग रखने और घर से ही कचरे का पृथक्करण करने के लिए जागरूक किया गया।
हरुनगला में साफ कराया ओपन डंपिंग स्थल
वार्ड-17 हरुनगला में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। यहां खुले में बने बड़े डंपिंग स्थल से कचरा हटाकर सफाई कराई गई। आसपास के लोगों को खुले में कचरा नहीं फेंकने और घर से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित किया गया। सिलेक्शन चौराहा पर भी नगर निगम और वन विभाग ने संयुक्त सफाई अभियान चलाया। इसमें वन विभाग की टीम ने हिस्सा लिया। सार्वजनिक स्थानों की सफाई के साथ लोगों को स्वच्छ और हरित बरेली के लिए अपनी भागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया गया। 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक चले स्वच्छता ही सेवा अभियान में बेहतर योगदान देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। महापौर डॉ. उमेश गौतम समेत नगर निगम के अधिकारियों ने प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
CBG प्लांट में पहुंचेगा डेयरी और ग्रीन वेस्ट
नगर निगम ने डेयरी और ग्रीन वेस्ट के निस्तारण के लिए नई व्यवस्था पर भी काम शुरू किया है। इसके तहत Compressed Bio-Gas (CBG) प्लांट स्थापित किया जा रहा है। निगम का दावा है कि प्लांट शुरू होने के बाद शहर की डेयरियों से निकलने वाले अपशिष्ट और ग्रीन वेस्ट का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण हो सकेगा। इससे सड़कों और खुले स्थानों पर पहुंचने वाले डेयरी वेस्ट की समस्या कम करने के साथ अपशिष्ट के उपयोग की व्यवस्था विकसित करने की योजना है। नगर निगम ने स्वच्छता अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसमें नागरिकों की नियमित भागीदारी की अपील की है।