bareillyपुलिस की गिरफ्त में दोनों आरोपी।

बरेली। नवाबगंज के 17 वर्षीय किशोर का अपहरण कर पांच लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मोबाइल की लोकेशन के सहारे बरेली पुलिस झांसी तक पहुंच गई। वहां वैगनआर कार से किशोर को सकुशल बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक दोनों ने रुपये कमाने के लिए अपहरण कर फिरौती मांगने की बात स्वीकार की है।

नवाबगंज के मोहल्ला गुलशन नगर निवासी रीना कुमारी ने 30 सितंबर को पुलिस को बताया था कि उनके करीब 17 वर्षीय बेटे देवेंद्र का अपहरण कर लिया गया है। देवेंद्र के मोबाइल से ही उसके पिता सुभाष चंद्र के फोन पर बार-बार कॉल कर पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही थी। रुपये नहीं देने पर किशोर की हत्या करने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नवाबगंज पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस सेल को लगाया गया था।

मोबाइल लोकेशन ने पुलिस को पहुंचाया झांसी

सर्विलांस के दौरान देवेंद्र के मोबाइल की लोकेशन झांसी के गुरसराय थाना क्षेत्र में मिली। इसके बाद नवाबगंज पुलिस ने गुरसराय पुलिस से संपर्क किया। दोनों जिलों की पुलिस ने लोहिया पुलआडी सड़क क्षेत्र में घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक शाम करीब 4:15 बजे आमली मार्ग पर संदिग्ध हालत में खड़ी सफेद वैगनआर कार संख्या UP 93 BL 7277 की जांच की गई। कार में देवेंद्र मिला, जिसे पुलिस ने सकुशल मुक्त करा लिया। मौके से दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

सिम खरीदने के बहाने झांसी बुलाया

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झांसी के गुरसराय स्थित मोहल्ला मातवाना निवासी 29 वर्षीय राकेश कुशवाहा और गांधीनगर निवासी 26 वर्षीय नीरज कुशवाहा के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि देवेंद्र सिम बेचने का काम करता था। उन्होंने सिम खरीदने के लिए उससे संपर्क किया था। देवेंद्र बरेली से सिम देने झांसी पहुंचा तो आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद उसी के मोबाइल से परिवार को फोन कर पांच लाख रुपये मांगे और रकम नहीं मिलने पर जान से मारने की धमकी दी।

वैगनआर और दो मोबाइल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल वैगनआर कार और दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक राकेश और नीरज के खिलाफ झांसी के बरुआसागर थाने में जुआ अधिनियम के तहत भी एक-एक मुकदमा दर्ज है। दोनों आरोपियों को झांसी से नवाबगंज लाया गया। पुलिस ने गुरुवार को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। कार्रवाई में बरेली एसओजी के साथ नवाबगंज थाने के निरीक्षक अपराध लव सिरोही, उपनिरीक्षक सचिन कुमार और हेड कांस्टेबल रवि कुमार समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *