बरेली। साइबर ठगी की रकम खपाने के लिए बैंक खाते, एटीएम, चेकबुक और सिम उपलब्ध कराने के आरोप में बरेली साइबर क्राइम थाने की टीम ने बदायूं के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 34 वर्षीय जाबिर खान के रूप में हुई है। उसके मोबाइल में बैंक खातों के लेन-देन, कमीशन और पैन कार्ड समेत कई संदिग्ध डिजिटल दस्तावेज मिले हैं। उसके पास मिले दो बैंक खातों से जुड़ी शिकायतें तमिलनाडु और दिल्ली में दर्ज होने की बात भी सामने आई है।
साइबर क्राइम थाना पुलिस के मुताबिक, एक अक्तूबर को उप निरीक्षक कपिल राघव पुलिस टीम के साथ संदिग्ध साइबर अपराधियों के संबंध में जानकारी जुटा रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बरेली कैंट के वीरांगना चौक के आसपास एक संदिग्ध व्यक्ति बैंक खातों और कमीशन को लेकर किसी से बातचीत कर रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम जाबिर खान पुत्र साबिर खान, निवासी ग्राम बिछरुइया, थाना बिनावर, बदायूं बताया।
मोबाइल खोला तो मिलीं बैंक खातों और कमीशन की चैट
तलाशी के दौरान जाबिर के पास से डार्क ग्रे रंग का वीवो मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मोबाइल की व्हाट्सऐप चैट में बैंक खातों के लेन-देन और कमीशन को लेकर बातचीत मिली। इसके अलावा अन्य लोगों के पैन कार्ड, यूपीआई और बैंक पासबुक से संबंधित फोटो व डिजिटल सामग्री भी मिली है। पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित करने के साथ जरूरी व्हाट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट लिए हैं। मोबाइल को सील कर जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। आरोपी के पास से एक कागज भी बरामद हुआ, जिस पर दो बैंक खाता नंबर लिखे थे। पुलिस का कहना है कि इन खातों को समन्वय पोर्टल पर जांचा गया तो एक खाते के संबंध में तमिलनाडु और दूसरे खाते को लेकर दिल्ली में पंजीकृत शिकायत का विवरण मिला। अब इन खातों के बैंकिंग रिकॉर्ड और लेन-देन की जांच की जा रही है।
दिल्ली के साइबर अपराधियों को देता था खाते
पुलिस पूछताछ में जाबिर ने कथित तौर पर बताया कि वह बैंक खाते, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम की व्यवस्था कर दिल्ली में साइबर अपराध करने वाले लोगों को उपलब्ध कराता था। इसके बदले उसे कमीशन मिलता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूर्व में भी एक मामले में जेल जाने की बात बताई है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ वर्ष 2022 में साइबर क्राइम कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में भी मुकदमा दर्ज होने का उल्लेख है। साइबर क्राइम थाना बरेली में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
मोबाइल और संदिग्ध डिजिटल सामग्री बरामद
पुलिस ने आरोपी से एक वीवो मोबाइल फोन, उसमें मौजूद संदिग्ध डिजिटल सामग्री व व्हाट्सऐप चैट और बैंक खातों का विवरण लिखा एक कागज बरामद किया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पाण्डेय, उप निरीक्षक कपिल राघव, हेड कांस्टेबल धीरज कुमार और कांस्टेबल विवेक कुमार व अंकुल सिंह शामिल रहे।