NEW DELHIAI चित्र।

नई दिल्ली। रणबीर कपूर अभिनीत फिल्म रामायण रिलीज से पहले ही अपने किरदारों के चित्रण और वीएफएक्स को लेकर चर्चा में है। अब शक्तिमान फेम अभिनेता मुकेश खन्ना ने फिल्म में भगवान राम के चित्रण पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि श्रीराम को मर्यादा पुरुषोत्तम के बजाय एक एक्शन हीरो की तरह पेश करना उचित नहीं है। उन्होंने फिल्म निर्माताओं से धार्मिक आस्था और मूल चरित्र की गरिमा का ध्यान रखने की बात कही है।

पेड़ पर चढ़कर तीर चलाने वाले दृश्य पर आपत्ति

मीडिया से बातचीत में मुकेश खन्ना ने कहा कि उन्होंने कई रामायण पढ़ी हैं और रामलीलाएं भी देखी हैं, लेकिन फिल्म में जिस तरह श्रीराम को एक्शन करते दिखाया गया है, वैसा चित्रण उन्होंने पहले नहीं देखा। खास तौर पर पेड़ों के ऊपर से तीर चलाने और भारी-भरकम एक्शन दृश्यों पर उन्होंने आपत्ति जताई। मुकेश खन्ना ने कहा, श्रीराम को धुरंधर बना दिया है। श्रीराम भगवान के अवतार हैं। उन्हें सलमान खान, अमिताभ बच्चन या रजनीकांत जैसा एक्शन हीरो नहीं बनाया जाना चाहिए। राम मर्यादा पुरुषोत्तम हैं।

भारी VFX के इस्तेमाल पर भी उठाए सवाल

मुकेश खन्ना ने फिल्म में वीएफएक्स के अधिक इस्तेमाल को लेकर भी सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि श्रीराम के चरित्र को केवल भव्य दृश्यों और एक्शन के सहारे पेश करने के बजाय उसमें आस्था और मर्यादा दिखाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि फिल्म को वैश्विक दर्शकों के लिए तैयार किया जा रहा है, लेकिन भारत में रामायण और भगवान राम के प्रति लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। ऐसे में फिल्म बनाते समय इस भावना का ध्यान रखा जाना चाहिए।

दिवाली पर रिलीज होगी रामायण

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी रामायण में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में नजर आएंगी। यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म को दो भागों में तैयार किया गया है। इसका पहला भाग दिवाली 2026 पर रिलीज होना प्रस्तावित है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में दर्शकों के सामने आएगा। फिल्म की झलकियां सामने आने के बाद से इसके वीएफएक्स और पात्रों के चित्रण को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *