bareillyपुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

बरेली। फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने बुधवार को दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। एक मामले में करीब एक महीने से फरार चल रहे सगे भाई विजय और राकेश जरौल पुलिया के पास पुलिस के हत्थे चढ़ गए। वहीं दूसरे मामले में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपी सुरजीत यादव को पुलिस ने डगरौली गांव के पास से दबोच लिया।

एक महीने से तलाश रही थी पुलिस, जरौल पुलिया पर मिले दोनों भाई

इटौरिया इलाका शिवपुरी निवासी उमेश की सूचना पर 29 अगस्त को विजय और राकेश समेत पांच लोगों के खिलाफ फतेहगंज पूर्वी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद विजय और राकेश की तलाश तेज कर दी गई। बुधवार को पुलिस को दोनों के जरौल पुलिया के आसपास होने की जानकारी मिली। अपराध निरीक्षक विकास कुमार और उपनिरीक्षक चंद्रपाल सिंह की टीम ने घेराबंदी कर विजय और राकेश को गिरफ्तार कर लिया। दोनों इटौरिया इलाका शिवपुरी के रहने वाले हैं। पूछताछ में दोनों ने पुलिस से कहा कि उनसे गलती हो गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर दिया।

दूसरी कार्रवाई में सुरजीत गिरफ्तार, शादी का वादा कर दुष्कर्म का आरोप

इसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक और गंभीर मामले में कार्रवाई की। 27 सितंबर को एक पीड़िता ने डगरौली निवासी सुरजीत यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि सुरजीत ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध और विवाद के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा तो सुरजीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस की जांच और सामने आए साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में पॉक्सो समेत कई धारा बढ़ाई गई। गंभीर धाराएं बढ़ने के बाद सुरजीत की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

स्कूल से कुछ दूर रास्ते पर मिला सुरजीत, पुलिस ने दबोचा

बुधवार को पुलिस को सुरजीत के डगरौली गांव के आसपास मौजूद होने की सूचना मिली। उपनिरीक्षक शुभम सिंह की टीम ने डगरौली प्राथमिक विद्यालय से करीब 80-90 मीटर दूर बरगवां की ओर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सुरजीत ने पुलिस को बताया कि वह 12वीं तक पढ़ा है और उसने पीड़िता से शादी का वादा किया था। पुलिस के मुताबिक उसने अपनी गलती होने की बात भी कही। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *