bareilly परिवारों को सामान सहित सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में मदद की

गाड़ियां और घरेलू सामान डूबे, ट्रैक्टर-ट्रॉली से पहुंचे सपा कार्यकर्ता; जलनिकासी के इंतजाम पर उठाए सवाल

रेजीडेंसी गार्डन में जलभराव से बिगड़े हालात

बरेली। लगातार बारिश के बाद रेजीडेंसी गार्डन में जलनिकासी नहीं होने से जलभराव के हालात पैदा होने का दावा समाजवादी पार्टी ने किया है। जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव के निर्देश पर जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र मुंडे और जिला सचिव अरविन्द्र सिंह बेदी के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ता ट्रैक्टर-ट्रॉली से कॉलोनी पहुंचे। सपा नेताओं के मुताबिक, कई परिवार दूसरी जगह चले गए हैं, जबकि कुछ लोग घरों में फंसे हुए हैं। कार, बाइक, स्कूटर और घरेलू सामान पानी में डूबा मिला।

पंप नहीं लगे, आवागमन हुआ प्रभावित

सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि बरेली नगर निगम की ओर से जलनिकासी के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। कॉलोनी के भीतर और बाहर आने-जाने में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टर-ट्रॉली से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और कुछ परिवारों को सामान सहित सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में मदद की। अशोक यादव ने कहा कि पॉश कॉलोनी में ऐसे हालात हैं तो गरीब बस्तियों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

नालों की सफाई पर उठाए सवाल

जितेंद्र मुंडे ने कहा कि मौके पर महंगी कारें और दोपहिया वाहन पानी में डूबे मिले। उन्होंने नालों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल उठाए। अरविन्द्र सिंह बेदी ने तत्काल पंप लगाकर पानी निकालने और प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की। युवजन सभा जिलाध्यक्ष डॉ. मोहित भारद्वाज ने बच्चों और बुजुर्गों की परेशानी के साथ जलभराव से बीमारियों के खतरे का मुद्दा उठाया।

तत्काल जलनिकासी और राहत की मांग

सपा नेताओं ने प्रशासन और नगर निगम से जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल पंप लगाने, पानी निकालने और प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की मांग की। इस दौरान राम सेवक प्रजापति, प्रताप प्रजापति, गंगा सिंह यादव, सोनू, मोनू, राकेश, राजेश और सुरेंद्र गंगवार समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *