बरेली। आंवला थाना क्षेत्र के गांव कंधरपुर में 28 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह उसका खून से लथपथ शव खेत में पड़ा मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक के गले पर रस्सी के निशान और धारदार हथियार से गहरा वार किए जाने की पुष्टि हुई है। मृतक के भाई ने पुरानी रंजिश का आरोप लगाते हुए चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। नामजद आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
रात आठ बजे घर से निकला, सुबह खेत में मिला शव
गांव कंधरपुर निवासी श्याम सिंह (28) शुक्रवार रात करीब आठ बजे घर से बाग की ओर जाने की बात कहकर निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह गांव के राजेंद्र ने खेत में श्याम का शव पड़ा होने की सूचना परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो श्याम खून से लथपथ पड़ा था। उसके गले पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान थे। हाथ-पैर और सिर पर भी चोटें थीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गले में रस्सी के निशान, करीब 60 फीसदी हिस्सा कटा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की क्रूरता सामने आई है। श्याम के गले पर रस्सी जैसी किसी वस्तु से कसने और खींचने के निशान पाए गए। उसकी ट्रैकिया भी टूटी मिली। गले का करीब 60 फीसदी हिस्सा धारदार हथियार से कटा हुआ पाया गया। सिर, हाथ और पैरों पर भी धारदार हथियार से हमले के निशान मिले हैं। प्रारंभिक परिस्थितियों से आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने पहले पीछे से गले में रस्सी डालकर श्याम को काबू करने का प्रयास किया और इसके बाद धारदार हथियार से उसका गला काट दिया। हालांकि वारदात का पूरा घटनाक्रम पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
पुरानी रंजिश का आरोप, चार लोगों पर मुकदमा
मृतक के भाई मुन्नालाल ने पुलिस को बताया कि कई वर्ष पहले उनके पिता ने गांव निवासी मोहर सिंह के कथित अवैध केरोसिन कारोबार की शिकायत की थी। आरोप है कि तभी से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही थी। मुन्नालाल ने इसी रंजिश में भाई की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उनकी तहरीर पर पुलिस ने गजराम, मोहर सिंह, रूमा सिंह और भूपराम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। वारदात के बाद से चारों नामजद आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
एक महीने पहले भी हुआ था विवाद, हर पहलू खंगाल रही पुलिस
सीओ हेमंत उपाध्याय के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। पुलिस की पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि करीब एक महीने पहले श्याम सिंह का गांव के कुछ लोगों से विवाद हुआ था। पुलिस पुराने विवादों और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार गजराम पूर्व में कोटेदार रह चुका है। श्याम और उसके परिवार की ओर से राशन वितरण को लेकर उसकी शिकायत किए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस इन तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है। एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि परिजनों ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश बताई है। नामजद आरोपी फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।