बरेली। मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम जाम में छज्जा निकालने को लेकर हुए विवाद में हुई लक्ष्मण स्वरूप की मौत के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी महेंद्र उर्फ महेंद्र पाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में विवेचना के दौरान हत्या की धारा 103(1) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई थी।
घर में घुसकर मारपीट का आरोप
पुलिस के मुताबिक ग्राम जाम निवासी कुंवरपाल की तहरीर पर 25 मई 2026 को महेंद्र उर्फ महेंद्र पाल समेत छह लोगों के खिलाफ घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि छज्जा निकालने को लेकर हुए विवाद में कुंवरपाल के भाई इंद्रपाल और लक्ष्मण स्वरूप के साथ मारपीट की गई।
विवेचना में हत्या की धारा बढ़ी
मामले की विवेचना के दौरान लक्ष्मण स्वरूप की मौत से संबंधित तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 103(1) बीएनएस की बढ़ोतरी की। इसके बाद पुलिस वांछित आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार 26 सितंबर को प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार, उपनिरीक्षक पंकज कुमार और पुलिस टीम क्षेत्र में वांछित आरोपी की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर मीरगंज फ्लाईओवर पार रामपुर की ओर कुल्छा पेट्रोल पंप से पहले महेंद्र उर्फ महेंद्र पाल (28) को सुबह करीब 9:10 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को संबंधित धाराओं में कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में महेंद्र ने बताया कि कुंवरपाल से छज्जा डालने को लेकर विवाद हुआ था और दोनों पक्षों में मारपीट हुई। उसका कहना है कि उसने बचाव में वहां पड़ी बिसौली उठा ली थी। इसी दौरान लक्ष्मण स्वरूप को चोट लगी और वह गिर गया। आरोपी के अनुसार वह डरकर मौके से भाग गया और बिसौली वहीं छोड़ दी। पुलिस का कहना है कि लक्ष्मण की मौत की जानकारी मिलने के बाद से वह छिपता फिर रहा था।