UP NEWSAI चित्र

बरेली। एडीएम प्रशासन के स्टेनो संजीव कश्यप से पांच हजार रुपये की रंगदारी मांगने और रकम न देने पर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। बारादरी पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ रंगदारी और धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अमल सैनी समेत पांच पर मुकदमा

एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह के स्टेनो संजीव कश्यप ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह ऑफिसर्स कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। 22 सितंबर को अमल सैनी, अवधेश कुमार, मनोज गौतम, पवन त्रिपाठी और संतोष शाक्य उनके पास पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने उनसे पांच हजार रुपये की मांग की। संजीव के मुताबिक, उन्होंने रकम देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने और बदनाम करने की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद उनसे 15 हजार रुपये की मांग की गई और रकम न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई।

साथी समेत जेल जा चुका है अमल सैनी

पुलिस के अनुसार, बारादरी के मोहल्ला सैलानी निवासी अमल सैनी पहले भी विवादों में रहा है। उस पर बारादरी थाने में एक महिला से रुपये मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोप था कि महिला के पति को कथित तौर पर जेल भिजवाने की धमकी देकर उससे रकम मांगी गई थी। इस मामले में अमल सैनी और उसके एक साथी को जेल भेजा गया था।

रकम न देने पर वीडियो वायरल करने का आरोप

संजीव कश्यप का आरोप है कि पांचों आरोपी खुद को एक संस्था से जुड़ा बताते हुए लोगों पर दबाव बनाते हैं। तहरीर के मुताबिक, आरोपियों ने पहले पांच हजार रुपये मांगे और रकम नहीं मिलने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद मांग बढ़ाकर 15 हजार रुपये कर दी गई।

पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

बारादरी पुलिस ने संजीव कश्यप की तहरीर पर अमल सैनी, अवधेश कुमार, मनोज गौतम, पवन तिवारी और संतोष शाक्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *