बरेली। बारादरी इलाके में शाम के वक्त ऑटो का इंतजार कर रही महिला के साथ लूट की वारदात हो गई। गणेशपुरम गेट के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने पीछे से झपटा मारकर महिला के दोनों कानों के कुंडल उतार लिए। महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही बदमाश बाइक दौड़ाकर फरार हो गए।
नवादा शेखान के ब्रह्मदेव मंदिर निवासी रामेश्वरी देवी 12 सितंबर की शाम अपनी नानी के घर हरूनगला से वापस पैदल घर लौट रही थीं। करीब आठ बजे वह गणेशपुरम गेट के पास ऑटो का इंतजार करने लगीं। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद बाइक सवार तीन लोगों ने मौका देखकर पीछे से महिला पर झपट्टा मार दिया।
दोनों कानों से कुंडल खींचे और बाइक से भाग निकले
महिला के मुताबिक बदमाश झपट्टा मारकर उनके दोनों कानों के कुंडल छीन ले गए। इसके बाद तीनों बाइक से गणेशपुरम कॉलोनी की तरफ तेजी से भाग निकले। महिला ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन वे हाथ नहीं आए।
डर के कारण कई दिन तक किसी को नहीं बताया
वारदात के बाद महिला काफी डर गईं। उन्होंने तत्काल किसी को घटना की जानकारी नहीं दी। इसके बाद हिम्मत जुटाकर वह बारादरी थाने पहुंचीं और पुलिस को पूरी घटना बताई। महिला ने अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ कार्रवाई और अपने कुंडल बरामद कराने की मांग की।
पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, बदमाशों की तलाश शुरू
पीड़िता की तहरीर पर बारादरी थाने में तीन अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।