बरेली। छात्रावास से साइकिल चोरी होने के बाद रोज कई किलोमीटर पैदल चल रही आईटीआई छात्रा की फरियाद जिलाधिकारी अविनाश सिंह तक पहुंची तो उसे तत्काल मदद मिली। डीएम ने छात्रा की परेशानी सुनकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए और उसके लिए नई साइकिल की व्यवस्था कराई। साइकिल मिलने पर छात्रा के चेहरे पर खुशी लौट आई।
छात्रावास से चोरी हो गई थी साइकिल
नीतू राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास में रहकर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में पढ़ाई कर रही है। कुछ दिन पहले छात्रावास परिसर से उसकी साइकिल चोरी हो गई थी। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाली नीतू के लिए साइकिल ही स्कूल, आईटीआई और पुस्तकालय तक आने-जाने का प्रमुख साधन थी। साइकिल चोरी होने के बाद नीतू को रोजाना कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा था। इससे आने-जाने में ज्यादा समय लगने के साथ उसकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी।
प्रार्थना पत्र लेकर डीएम के पास पहुंची छात्रा
परेशान नीतू अपनी समस्या लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची और डीएम अविनाश सिंह को प्रार्थना पत्र दिया। जिलाधिकारी ने छात्रा की बात सुनी और संबंधित अधिकारियों को तत्काल मदद के निर्देश दिए। इसके बाद नीतू को नई साइकिल उपलब्ध कराई गई। नई साइकिल मिलने पर नीतू बेहद खुश नजर आई। रोजाना पैदल चलने की उसकी परेशानी दूर हो गई और अब वह पहले की तरह अपनी पढ़ाई से जुड़े संस्थानों तक आसानी से आ-जा सकेगी।
संसाधनों की कमी शिक्षा में नहीं बनेगी बाधा
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि किसी भी गरीब विद्यार्थी की शिक्षा में संसाधनों की कमी बाधा नहीं बननी चाहिए। प्रशासन का प्रयास है कि जरूरतमंद विद्यार्थियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।