UP NEWSमौलाना तौकीर रजा के परिवार से मुलाकात के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय व अन्य।

बरेली। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बुधवार देर रात मौलाना तौकीर रजा के घर पहुंचे और उनके परिवार से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने बरेली की घटना को लेकर सरकार और भाजपा पर सीधा हमला बोला। अजय राय ने कहा कि बरेली में कोई दंगा हुआ ही नहीं था, बल्कि हिंदू और मुस्लिम भाइयों ने मिलकर दंगा होने से बचाया था।

मौलाना के परिवार से मिले अजय राय, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

अजय राय ने कहा कि प्रशासन ने जानबूझकर लाठीचार्ज कराया और लोगों को जेल भेजा। उन्होंने दावा किया कि सरकार पूरे परिवार पर दबाव बनाने का काम कर रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी मौलाना तौकीर रजा के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर भाजपा पर बरसे अजय राय

अजय राय ने राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान राम के नाम पर सत्ता में पहुंचे लोग मंदिर के चढ़ावे की चोरी के मामले में कार्रवाई से बच रहे हैं। उन्होंने कई लोगों के नाम लेते हुए सवाल उठाया कि उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

प्रयागराज भगदड़ का मुद्दा उठाकर सरकार को घेरा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने प्रयागराज भगदड़ को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने तत्कालीन कमिश्नर विजय विश्वास पंत को लेकर आरोप लगाए और कहा कि कार्रवाई करने के बजाय उन्हें चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच से जोड़ा गया था। अजय राय ने कहा कि बाद में सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद दूसरी एसआईटी गठित करनी पड़ी।

फतेहगढ़ जेल में मौलाना को तन्हाई में रखने का आरोप

मौलाना तौकीर रजा के जेल में बंद होने को लेकर अजय राय ने आरोप लगाया कि उन्हें फतेहगढ़ जेल में तन्हाई में रखकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मौलाना को सर्वोच्च न्यायालय से न्याय मिलने का भरोसा है।

बोले- बरेली से जाता है भाईचारे का संदेश

अजय राय ने कहा कि बरेली गंगा-जमुनी तहजीब का शहर है। यहां से हमेशा भाईचारे का संदेश जाता है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी कोशिशों को जनता सफल नहीं होने देगी। राहुल गांधी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नोटबंदी, जीएसटी और चढ़ावा चोरी जैसे मुद्दों पर राहुल गांधी ने जो बातें उठाईं, वे सच साबित हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *