UP NEWSसुरक्षा को लेकर ऑनलाइन बैठक में पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते एसएसपी अनुराग आर्य।

बरेली। धार्मिक आयोजनों को लेकर पुलिस ने सुरक्षा का प्लान और कड़ा कर दिया है। बुधवार रात एसएसपी अनुराग आर्य ने जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक कर गणेश विसर्जन, जुलूस, कानून-व्यवस्था और आगामी नवरात्रि की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से साफ कहा कि जुलूस के रास्तों से लेकर संवेदनशील इलाकों तक पुलिस की नजर बनी रहनी चाहिए।

जुलूस के रास्तों पर तैनात रहेगा पुलिस का पहरा

गणेश विसर्जन, जुलूस-ए-गौसिया और दूसरी शोभायात्राओं को लेकर एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। अधिकारियों को जुलूस के पूरे रास्ते और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल लगाने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर पुलिस की बॉक्स फॉर्मेशन भी तैयार रखने को कहा गया है।

भीड़ बढ़ी तो तुरंत संभालेगी पुलिस, यातायात पर भी नजर

जुलूस के दौरान भीड़ और यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिस को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि लगातार पेट्रोलिंग की जाए और किसी भी अचानक पैदा होने वाली स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल और जरूरी संसाधन पहले से तैयार रखे जाएं।

अब नवरात्रि की बारी, मंदिर समितियों से पुलिस करेगी संपर्क

गणेश विसर्जन के बाद आगामी नवरात्रि को लेकर भी पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। एसएसपी ने क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने इलाकों के आयोजकों और मंदिर समितियों से संपर्क कर सुरक्षा व्यवस्था तय करने के निर्देश दिए। संवेदनशील इलाकों पर खास नजर रखने को भी कहा गया है।

ई-साक्ष्य एप पर भी एसएसपी की नजर

बैठक में पुलिस की जांच में डिजिटल साक्ष्यों के इस्तेमाल की भी समीक्षा हुई। एसएसपी ने अधिकारियों को ई-साक्ष्य एप का सही तरीके से इस्तेमाल करने और डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की प्रक्रिया का पालन करने के निर्देश दिए।

थानों में चल रहे निर्माण कार्यों की भी ली जानकारी

एसएसपी ने जिले के अलग-अलग थानों में चल रहे निर्माण और विकास कार्यों की प्रगति भी जानी। अधिकारियों से काम की मौजूदा स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्माण की गुणवत्ता और समय पर काम पूरा कराने पर ध्यान देने को कहा गया।

थाने पहुंचने वाले फरियादियों पर भी रहेगी नजर

जनसुनवाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने अधिकारियों से कहा कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और उनका समय पर निस्तारण कराया जाए। शिकायतों की लगातार निगरानी और कार्रवाई की गुणवत्ता पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही धार्मिक आयोजनों के दौरान सतर्कता बरतने और लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने के लिए प्रभावी पुलिसिंग जारी रखने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *