बरेली। नवाबगंज क्षेत्र में एक आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने भाजपा मंडल अध्यक्ष समेत तीन लोगों पर घर में घुसकर छेड़छाड़ और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि आरोपियों ने उसके कपड़े फाड़ दिए और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात में घर में घुसकर महिला को दबोचा
नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने पुलिस को बताया कि उसके पति बरेली के एक अस्पताल में नौकरी करते हैं। आरोप है कि 18 सितंबर की रात भाजपा मंडल अध्यक्ष खेमकरन उर्फ गनेश उसके घर में घुस आया। उसने महिला को दबोचकर छेड़छाड़ और अभद्रता की। महिला के शोर मचाने पर दूसरे कमरे में सो रहे उसके बेटे और बेटी जाग गए। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग घर की ओर आने लगे। इस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चला गया।
दो साथियों के साथ दोबारा पहुंचा, गला दबाने का आरोप
महिला का आरोप है कि कुछ देर बाद मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम और प्रताप नाम के दो लोगों को लेकर दोबारा उसके घर पहुंचा। तीनों ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। हमले के दौरान उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए।
बचाने आए जेठ को भी पीटा
शोर सुनकर महिला के जेठ चंद्रसेन उसे बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। महिला के अनुसार, उसकी बेटी ने घटना के कुछ वीडियो बना लिए थे, जिन्हें पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
पुलिस पहुंचने से पहले फरार हुए आरोपी
घटना की सूचना डायल-112 को दी गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो चुके थे। इसके बाद महिला ने पति के साथ कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने भाजपा मंडल अध्यक्ष खेमकरन उर्फ गनेश, पुरुषोत्तम और प्रताप के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है।