अमरोहा। हसनपुर क्षेत्र के झलपुरी स्थित एक फार्म हाउस में हरियाणा की युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल, एक दरोगा और सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने सीआरपीएफ इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया है। फार्म हाउस उत्तराखंड के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार का बताया जा रहा है।
पीड़िता हरियाणा के फतेहाबाद जिले की रहने वाली है और एक निजी कंपनी में नौकरी करती है। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि करीब एक महीने पहले उसकी मुलाकात मुजफ्फरनगर निवासी सीआरपीएफ के हेड कांस्टेबल मोहित से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी।
सोनीपत में मिलने के बाद कार से पहुंचे हसनपुर
युवती के मुताबिक, 21 सितंबर को मोहित ने उसे सोनीपत में मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद वे कार से हसनपुर के लिए निकले। कार में राजस्थान के अलवर निवासी सीआरपीएफ इंस्पेक्टर लालाराम यादव भी मौजूद था। रास्ते में वे मेरठ में रुके। अगले दिन शाम को हसनपुर पहुंचे। यहां बागपत निवासी दरोगा संजय तोमर भी उनके साथ हो गया। इसके बाद सभी लोग झलपुरी स्थित फार्म हाउस पहुंचे।
खाना खाने के बाद कमरे में पहुंचे तीन लोग
आरोप है कि फार्म हाउस पर मुजफ्फरनगर निवासी सिपाही प्रमोद कुमार खाना और शराब लेकर पहुंचा। खाना खाने के बाद मोहित, लालाराम और संजय युवती के कमरे में गए। युवती का आरोप है कि तीनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। कुछ देर बाद सिपाही प्रमोद भी कमरे में पहुंचा। युवती ने किसी तरह खुद को कमरे में बंद कर लिया और पुलिस को फोन करके घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
सूचना मिलने पर हसनपुर पुलिस फार्म हाउस पहुंची। युवती की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सीआरपीएफ इंस्पेक्टर लालाराम यादव और हेड कांस्टेबल मोहित को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। मुरादाबाद रेंज के डीआईजी मुनिराज जी. के मुताबिक, युवती की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए भी संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी जाएगी।