बरेली। थाने-चौकियों में कौन कितना काम कर रहा है, इसका हिसाब अब सीधे नंबरों में हो रहा है। अगस्त की परीक्षा में जिले के 10 चौकी प्रभारी बेहतर प्रदर्शन कर इनाम की सूची में पहुंचे, जबकि सबसे नीचे रहे 10 चौकी प्रभारियों को एसएसपी अनुराग आर्य ने चेतावनी जारी कर दी। जोगीनवादा चौकी प्रभारी कुशल पाल सिंह ने 427 अंक हासिल कर जिले में पहला स्थान हासिल किया है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिसिंग में बेहतर काम करने वाले चौकी प्रभारियों को प्रोत्साहित करने के लिए मासिक मूल्यांकन व्यवस्था लागू कर रखी है। इसमें सिर्फ अपराध पर कार्रवाई ही नहीं, बल्कि जनता की शिकायतें कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से निपटाई गईं, लंबित विवेचनाओं का निस्तारण कैसा रहा और निरोधात्मक कार्रवाई में चौकी का प्रदर्शन कैसा रहा, जैसे बिंदुओं पर नंबर दिए जाते हैं। अगस्त के कामकाज का हिसाब हुआ तो 10 चौकी प्रभारी टॉप प्रदर्शन करने वालों की सूची में आए। इन सभी को प्रशस्ति पत्र के साथ नकद पुरस्कार दिया गया।
427 अंक लेकर कुशल पाल सिंह बने नंबर-1
बारादरी थाने की जोगीनवादा चौकी के प्रभारी कुशल पाल सिंह ने सबसे ज्यादा 427 अंक हासिल किए। उन्हें पहला स्थान मिलने के साथ पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिला। बारादरी की ही सैटेलाइट चौकी के प्रभारी मयंक भारद्वाज 304 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे। उन्हें 4,500 रुपये दिए गए। जगतपुर चौकी प्रभारी मुनेन्द्र कुमार 301 अंक हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें भी 4,500 रुपये का पुरस्कार मिला। शुरुआती तीन स्थानों पर बारादरी थाने की चौकियों का कब्जा रहा।
टॉप-10 में बारादरी का दबदबा, छह चौकी प्रभारी शामिल
फतेहगंज पश्चिमी की कस्बा चौकी प्रभारी आदेश कुमार 279 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहे। उन्हें 2,500 रुपये मिले। बारादरी की काकरटोला चौकी प्रभारी जावेद अख्तर ने 259 अंक हासिल कर पांचवां स्थान प्राप्त किया और दो हजार रुपये का पुरस्कार पाया। किला की गढ़ी चौकी प्रभारी जाकिर अली 207 अंक के साथ छठे और बारादरी की मॉडल टाउन चौकी प्रभारी सौरभ डेढ़ा 207 अंक के साथ सातवें स्थान पर रहे। दोनों को 1,500-1,500 रुपये दिए गए।
मढ़ीनाथ आठवें, न्यू जिला जेल नौवें स्थान पर
सुभाषनगर की मढ़ीनाथ चौकी प्रभारी जितेन्द्र कुमार 196 अंक के साथ आठवें स्थान पर रहे और उन्हें 1,500 रुपये मिले। बिथरी चैनपुर की न्यू जिला जेल चौकी प्रभारी वीरेन्द्र कुमार ने 192 अंक हासिल कर नौवां स्थान पाया। उन्हें एक हजार रुपये का पुरस्कार मिला। बारादरी की रोहिलखंड चौकी प्रभारी नितिन राणा 182 अंक के साथ दसवें स्थान पर रहे। उन्हें 500 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। टॉप-10 की सूची में अकेले बारादरी थाने की छह चौकियों के प्रभारी शामिल रहे।
इधर इनाम बंटा, उधर 10 चौकी प्रभारियों को वार्निंग
बेहतर काम करने वालों को पुरस्कार मिला तो कमजोर प्रदर्शन करने वालों पर एसएसपी ने सख्ती भी दिखाई। अगस्त के मूल्यांकन में न्यूनतम प्रदर्शन करने वाले 10 चौकी प्रभारियों को चेतावनी जारी की गई है। इनमें नवाबगंज की धरौरा चौकी प्रभारी गोविन्द सिंह, आंवला की रामनगर चौकी प्रभारी नरेन्द्र कुमार, सुभाषनगर चौकी प्रभारी जगत सिंह, भुता की बेवल बसंतपुर चौकी प्रभारी ऋषि मित्र और इज्जतनगर की अहलादपुर चौकी प्रभारी विकाश यादव शामिल हैं।
कोहाड़ापीर से मनौना धाम तक, इन प्रभारियों का प्रदर्शन कमजोर
चेतावनी पाने वालों में प्रेमनगर की कोहाड़ापीर चौकी प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह, आवास विकास चौकी प्रभारी मोहित कुमार, कोतवाली की चौकी चौराहा के प्रभारी रविराज पावडिया, आंवला की मनौना धाम चौकी प्रभारी नरेन्द्र राघव और भुता की कुआटांडा चौकी प्रभारी विनय कुमार सिंह भी शामिल हैं। एसएसपी ने कहा अगले मूल्यांकन में इन चौकियों के कामकाज पर खास नजर रहेगी और प्रदर्शन सुधारने का दबाव रहेगा।
अच्छा काम किया तो सम्मान, लापरवाही पर रहेगी नजर
एसएसपी अनुराग आर्य ने पुरस्कार पाने वाले पुलिसकर्मियों को बधाई दी। उनका कहना है कि बेहतर काम करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने से उनका मनोबल बढ़ता है और दूसरे पुलिसकर्मियों को भी अच्छा प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से जनता से जुड़े मामलों में जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ काम करने को कहा।