UP NEWSAI चित्र

बरेली। बारादरी इलाके में चोरों ने बिजली विभाग के ट्रांसफार्मर को ही निशाना बना लिया। रात के अंधेरे में चोर ट्रांसफार्मर का वाल्व खोलकर करीब 450 लीटर तेल निकाल ले गए। सुबह बिजली विभाग के कर्मचारियों को इसकी भनक लगी तो हड़कंप मच गया। तेल की कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है। मामले में अवर अभियंता रामदेव वर्मा ने बारादरी थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

दूसरे ट्रांसफार्मर में खराबी आई तो खुला चोरी का राज

मामला लक्ष्मी नगर में बगिया के सामने का है। यहां 400 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। 11 सितंबर की रात चोरों ने इसी ट्रांसफार्मर से तेल चोरी किया। अगले दिन पास में रखे 630 केवीए ट्रांसफार्मर का 11 केवी डीओ कटने की सूचना पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसी दौरान कर्मचारियों की नजर 400 केवीए ट्रांसफार्मर पर पड़ी।

नीचे खुला था वाल्व, पूरा तेल गायब

कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर की जांच की तो उसके नीचे लगा वाल्व खुला मिला। इसके बाद तेल की जांच की गई तो करीब 450 लीटर तेल गायब था। आशंका है कि चोरों ने रात में सुनसान इलाके का फायदा उठाकर वाल्व खोला और तेल निकाल लिया।

40 हजार का नुकसान, अब चोरों की तलाश

बिजली विभाग के मुताबिक चोरी हुए तेल की कीमत करीब 40 हजार रुपये है। अवर अभियंता रामदेव वर्मा ने बारादरी थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और घटना के समय इलाके में मौजूद लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *