बरेली। सिविल लाइंस की सड़क पर सोमवार रात अचानक नगर निगम का बुलडोजर गरज उठा। अशोका फोम के सामने चिकन, गुटखा और सिगरेट के ठेले-खोखों पर कार्रवाई शुरू हुई तो खलबली मच गई। निगम की टीम ने कई ठेले और खोखे जब्त कर लिए। इस दौरान दुकानदारों ने विरोध किया तो टीम से तीखी नोकझोंक भी हुई। इलाके में शराब पीने और दूसरी संदिग्ध गतिविधियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद निगम ने यह कार्रवाई की।
सोमवार रात करीब नौ बजे नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता बुलडोजर के साथ सिविल लाइंस पहुंचा। टीम ने चौकी चौराहा से पटेल चौक के बीच सड़क किनारे लगे ठेले-खोखों को हटाना शुरू कर दिया। अचानक बुलडोजर और निगम की गाड़ियां देखकर दुकानदारों में अफरातफरी मच गई। कुछ लोग अपना सामान समेटने लगे, जबकि कई ठेले-खोखे निगम की टीम ने कब्जे में ले लिए।
अशोका फोम के सामने सबसे ज्यादा सख्ती
कार्रवाई का सबसे ज्यादा असर अशोका फोम के सामने दिखाई दिया। यहां सड़क किनारे चिकन, गुटखा और सिगरेट बेचने के लिए ठेले और खोखे लगाए गए थे। नगर निगम को इस जगह को लेकर कई दिनों से शिकायतें मिल रही थीं। आरोप था कि शाम ढलते ही यहां शराब पीने वालों का जमावड़ा लगने लगता है। खुले में चिकन बेचने और सड़क घेरकर कारोबार करने की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही थीं।
ठेले उठे तो दुकानदारों से भिड़ी टीम
निगम कर्मचारियों ने जैसे ही ठेले और खोखे जब्त करने शुरू किए, कुछ दुकानदार विरोध में उतर आए। कार्रवाई रोकने को लेकर कर्मचारियों और दुकानदारों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। काफी देर तक कहासुनी चलती रही, लेकिन निगम की टीम पीछे नहीं हटी। विरोध के बीच अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखी गई।
चौकी चौराहा से पटेल चौक तक चला बुलडोजर
अतिक्रमण दस्ते ने केवल एक जगह कार्रवाई नहीं की। चौकी चौराहा से पटेल चौक तक सड़क किनारे जहां भी अवैध रूप से ठेले-खोखे लगे मिले, उन्हें हटाया गया। निगम की कार्रवाई से पूरे इलाके में हलचल रही। कई दुकानदार बुलडोजर पहुंचने से पहले ही अपना सामान समेटकर निकल गए।
शिकायतों के बाद निगम ने दिखाई सख्ती
अतिक्रमण दस्ते की अगुवाई कर रहे राजस्व निरीक्षक सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि क्षेत्र को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। सड़क किनारे अतिक्रमण के साथ खुले में चिकन बेचने समेत अन्य गतिविधियों की शिकायतें थीं। इसी के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर ठेले-खोखे हटाए और कई को जब्त कर लिया।