बरेली। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) बरेली के वर्ष 2026-27 के चुनाव का परिणाम रविवार रात घोषित कर दिया गया। डॉ. हिमांशु अग्रवाल को अध्यक्ष चुना गया है। उपाध्यक्ष के दो पदों पर डॉ. अंशु अग्रवाल और डॉ. शालिनी माहेश्वरी ने जीत दर्ज की। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर डॉ. राजवीर सिंह गंगवार चुने गए हैं।
अध्यक्ष पद पर हिमांशु अग्रवाल ने दर्ज की जीत
आईएमए के अध्यक्ष पद के लिए डॉ. हिमांशु अग्रवाल और डॉ. आरके भास्कर के बीच मुकाबला था। रविवार को मतदान के बाद मतगणना कराई गई। इसमें डॉ. हिमांशु अग्रवाल को जीत मिली। परिणाम सामने आने के बाद उनके समर्थकों ने खुशी जताई।
उपाध्यक्ष के दोनों पदों पर अंशु और शालिनी
उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए डॉ. अंशु अग्रवाल, डॉ. शालिनी माहेश्वरी और डॉ. वीर महेंद्र पाल सिंह गंगवार मैदान में थे। इनमें डॉ. अंशु अग्रवाल और डॉ. शालिनी माहेश्वरी को जीत मिली। दोनों अब आईएमए की नई टीम में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगी।
कोषाध्यक्ष पद पर राजवीर सिंह गंगवार चुने गए
कोषाध्यक्ष पद के लिए डॉ. राजवीर सिंह गंगवार और डॉ. कमेंद्र सिंह के बीच मुकाबला हुआ। मतगणना के बाद डॉ. राजवीर सिंह गंगवार को विजेता घोषित किया गया।
कई पदों पर पहले ही हो चुका था निर्विरोध चुनाव
आईएमए चुनाव में कई पदों पर मतदान नहीं हुआ। डॉ. मोहित अग्रवाल मानद सचिव पद पर निर्विरोध चुने गए। अस्पताल सलाहकार समिति के सदस्य पद पर डॉ. रितु राजीव और पीआरओ पद पर डॉ. मयंक कुमार गुप्ता भी निर्विरोध चुने गए हैं। इसके अलावा कार्यकारिणी समिति और राज्य परिषद के पदों पर भी निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है।
मतदान के बाद देर रात आया परिणाम
रविवार को शाम पांच बजे तक मतदान हुआ। इसके बाद मतगणना शुरू की गई। मतगणना पूरी होने के बाद चुनाव समिति की ओर से परिणाम घोषित किया गया। चुनाव समिति के अध्यक्ष डॉ. विमल कुमार भारद्वाज की निगरानी में चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई।