UP NEWSप्रतीकात्मक चित्र

बरेली। फरीदपुर क्षेत्र के पितांबरपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पानी लेने के लिए ट्रेन से उतरा युवक दोबारा चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान फिसलकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरा। हादसे में उसका दाहिना हाथ और बायां पैर कट गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शाहजहांपुर के धौरेरा गांव निवासी ध्रुव अपने साथी नरेंद्र के साथ पीलीभीत में पानी की टंकी फिट करने का काम करने गए थे। काम पूरा होने के बाद दोनों शाहजहांपुर लौट रहे थे। इसके लिए उन्होंने ट्रेन संख्या 14236 वाराणसी-बरेली एक्सप्रेस पकड़ी थी।

पानी लेने उतरा, इसी बीच चल दी ट्रेन

ट्रेन पितांबरपुर रेलवे स्टेशन पर रुकी तो ध्रुव पानी लेने के लिए नीचे उतर गया। इसी दौरान ट्रेन चलने लगी। ट्रेन को जाता देख ध्रुव ने दौड़कर उसमें चढ़ने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गया।

हादसा देख स्टेशन पर मची अफरा-तफरी

ध्रुव के गिरते ही स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में उसका दाहिना हाथ और बायां पैर कट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल ध्रुव को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

सूचना मिलते ही बरेली पहुंचे परिजन

हादसे की सूचना शाहजहांपुर में ध्रुव के परिजनों को दी गई। इसके बाद परिवार के लोग भी बरेली पहुंच गए। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *