UP NEWSस्वामी प्रवक्तानंद, भाजपा विधायक, बरखेड़ा

पीलीभीत। न्यूरिया क्षेत्र के मानपुर गांव में जलभराव और गंदगी की शिकायत को लेकर बुलाई गई ग्रामीणों की बैठक विवाद में बदल गई। ग्रामीणों ने बरखेड़ा से भाजपा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद और उनके सुरक्षाकर्मी पर गाली-गलौज, मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शनिवार को ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

तालाब की गंदगी पर चल रही थी बैठक

मानपुर निवासी प्रेमशंकर समेत अन्य ग्रामीणों ने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अजय सिंह को डीएम और एसपी के नाम शिकायती पत्र सौंपा। ग्रामीणों के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे गांव के लगभग 35 लोग गंदगी से पट चुके तालाब और बारिश का पानी घरों में घुसने की समस्या पर चर्चा कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान विधायक स्वामी प्रवक्तानंद अपने सुरक्षाकर्मी राजकुमार के साथ वहां पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि विधायक ने वोट नहीं देने की बात कहते हुए नाराजगी जताई। प्रेमशंकर ने विरोध किया तो कथित रूप से सुरक्षाकर्मी ने उनके साथ हाथापाई की और थप्पड़ मार दिया। इससे वह कंटीले तार पर गिरकर चोटिल हो गए।

मोबाइल छीना, वीडियो डिलीट करने का भी आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया, लेकिन सुरक्षाकर्मी ने उनका मोबाइल छीन लिया और उसमें मौजूद डाटा भी डिलीट कर दिया। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शन में सारांश, दाक्षित समेत कई ग्रामीण शामिल रहे।

विधायक बोले-युवक ने सुरक्षाकर्मी से की अभद्रता

विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि वह गांव में मंदिर निर्माण को लेकर लोगों से संवाद कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने अपनी समस्या रखी, जिसे दर्ज करने के निर्देश दे दिए गए थे। विधायक के मुताबिक युवक ने ही सुरक्षाकर्मी से अभद्रता की। उन्होंने कहा कि तालाब और जलभराव की समस्या पर बीडीओ तथा ग्राम प्रधान स्तर से कार्रवाई होनी है। उनके और सुरक्षाकर्मी के खिलाफ लगाए गए आरोप गलत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *