NEW DELHIअजीत अगरकर

मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम की चयन समिति में बड़ा बदलाव होने के संकेत हैं। मौजूदा चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर आगे इस पद पर बने रहने के इच्छुक नहीं हैं। उनका मौजूदा कार्यकाल चार अक्टूबर को समाप्त हो रहा है। BCCI की 95वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) में अगरकर के भविष्य से लेकर जूनियर चयन समिति, अंपायरों की फीस और एज वेरिफिकेशन पॉलिसी तक कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

अगरकर ने बोर्ड को बता दी अपनी इच्छा

रिपोर्ट के मुताबिक अजीत अगरकर ने BCCI से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारियों को पहले ही बता दिया है कि वह चीफ सेलेक्टर के पद पर आगे बने रहने के इच्छुक नहीं हैं। इसके बाद अब बोर्ड के सामने नए चीफ सेलेक्टर के चयन का सवाल खड़ा हो गया है। AGM में अगरकर के कार्यकाल को लेकर अंतिम निर्णय नहीं हुआ, लेकिन बोर्ड पदाधिकारियों को चयन समितियों से जुड़े मामलों में फैसला लेने का अधिकार दे दिया गया है। अगरकर का मौजूदा कार्यकाल चार अक्टूबर को समाप्त होना है।

AGM में गांगुली और वेंकटेश प्रसाद भी हुए शामिल

BCCI की 95वीं AGM में विभिन्न राज्य क्रिकेट संघों के प्रतिनिधि शामिल हुए। पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल की ओर से, जबकि पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से बैठक में हिस्सा लिया।

जूनियर चयन समिति के पांचों पद भी भरे जाएंगे

BCCI सीनियर चयन समिति के साथ जूनियर चयन समिति के सभी पांच पदों को भरने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा रहा है। बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया के मुताबिक जूनियर चयन समिति के लिए बड़ी संख्या में आवेदन मिले हैं। बोर्ड की कोशिश अगले 15 दिनों में चयन प्रक्रिया पूरी करने की है।

फील्डिंग कोच शुभदीप घोष के प्रदर्शन पर नजर

भारतीय टीम के मौजूदा फील्डिंग कोच शुभदीप घोष के भविष्य पर भी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। सैकिया के मुताबिक उनकी नियुक्ति फिलहाल शॉर्ट टर्म के लिए की गई है। उनके प्रदर्शन की समीक्षा के बाद आगे का फैसला किया जाएगा।

वानखेड़े में टेस्ट मैच की उठी मांग

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से वानखेड़े स्टेडियम में टेस्ट मैच की मेजबानी देने की मांग भी बैठक में रखी गई। वानखेड़े में आखिरी टेस्ट 2024 के आखिर में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया था। इसके बाद से यहां टेस्ट मैच नहीं हुआ है।

रांची से BGT टेस्ट हटाने पर नहीं हुई चर्चा

भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट को रांची से किसी दूसरे शहर में स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं पर भी स्थिति स्पष्ट हुई। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव और पूर्व भारतीय क्रिकेटर सौरभ तिवारी ने कहा कि AGM में इस मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं हुई।

अंपायरों और मैच रेफरी की फीस बढ़ाने को मंजूरी

AGM में अंपायरों और मैच रेफरी के भुगतान ढांचे में बदलाव तथा ग्रेड के पुनर्वर्गीकरण को भी मंजूरी दी गई। प्रस्तावित नए ढांचे में A, B, C और D ग्रेड के अनुसार प्रतिदिन क्रमशः 60 हजार, 50 हजार, 40 हजार और 35 हजार रुपये भुगतान का प्रावधान है।

उम्र की धोखाधड़ी रोकने के लिए बदली पॉलिसी

घरेलू क्रिकेट में उम्र संबंधी धोखाधड़ी के मामलों को देखते हुए BCCI ने एज वेरिफिकेशन पॉलिसी को भी अपडेट किया है। इसके अलावा बोर्ड की Prevention of Sexual Harassment Policy के तहत नई आंतरिक समिति का गठन किया गया है। क्रिकेट अंडमान एवं निकोबार को एसोसिएट सदस्यता देने का मामला फिलहाल टाल दिया गया है। बोर्ड के मुताबिक इससे जुड़ा कानूनी मामला होने के कारण अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *