बरेली। किला क्षेत्र में समोसे-पकौड़ी बेचने वाले हलवाई ने घर के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। रविवार रात खाना खाने के बाद वह कमरे में सोने गया था। सोमवार सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने देखा। अंदर रवि का शव पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटक रहा था। शव देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची किला पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मलूकपुर बजरिया निवासी 45 वर्षीय रवि अपने मकान के नीचे समोसे और पकौड़ी की दुकान चलाता था। रोज की तरह रविवार रात खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में चला गया। रात में किसी समय उसने दुपट्टे से फंदा लगा लिया। सुबह परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी गई।
पत्नी से मारपीट के बाद मायके गई थी
किला इंस्पेक्टर अंचल कुमार के मुताबिक, रवि शराब पीने का आदी था और नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता था। करीब पांच दिन पहले भी उसने पत्नी के साथ मारपीट की थी। इसके बाद पत्नी मायके चली गई थी। पुलिस के अनुसार पत्नी के चले जाने के बाद रवि तनाव में था। इसी दौरान उसने फंदा लगाकर जान दे दी। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद रवि के साले चंद्र प्रकाश ने बताया कि रवि के दो बेटे हैं। परिवार का खर्च वही चलाता था। उसकी मौत से पत्नी और दोनों बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार को अभी तक यकीन नहीं हो रहा कि रवि अब उनके बीच नहीं है।
पहली पत्नी की भी हो चुकी है मौत
पुलिस के मुताबिक रवि की पहली पत्नी की भी मौत हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि पहली पत्नी के साथ भी रवि मारपीट करता था। हालांकि, पहली पत्नी की मौत किन परिस्थितियों में हुई थी, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। इंस्पेक्टर किला अंचल कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।