बरेली। जीवन में परिस्थितियां हमेशा एक जैसी नहीं रहतीं। कभी सफलता मिलती है तो कभी संघर्ष और चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे मुश्किल वक्त में धैर्य, कर्म और विश्वास ही इंसान की सबसे बड़ी ताकत बनते हैं। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जनपदवासियों को संदेश देते हुए कहा कि परिस्थितियां चाहे जैसी हों, धैर्य नहीं खोना चाहिए। ईश्वर पर विश्वास रखते हुए अपने कर्म और प्रयास लगातार जारी रखने चाहिए।
हर परिस्थिति कुछ न कुछ सिखाती है
डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि सुख-दुख और उतार-चढ़ाव जीवन का हिस्सा हैं। अच्छी और बुरी दोनों परिस्थितियां व्यक्ति को कुछ न कुछ सिखाकर जाती हैं। इसलिए मुश्किल दौर को केवल परेशानी मानकर निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
प्रारब्ध पर भरोसा रखें, कर्म करना न छोड़ें
डीएम ने कहा कि व्यक्ति को अपने प्रारब्ध पर विश्वास रखना चाहिए, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि प्रयास करना छोड़ दिया जाए। कर्म और निरंतर प्रयास ही सफलता की बुनियाद हैं। जो हमारे हिस्से में है, वह हमें मिलेगा, लेकिन इसके लिए अपने कर्तव्यों से पीछे नहीं हटना चाहिए।
मुश्किल वक्त में धैर्य सबसे बड़ी ताकत
उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में कई बार व्यक्ति जल्दबाजी में फैसले लेने लगता है। ऐसे समय में धैर्य और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है। कठिन दौर कितना भी लंबा क्यों न हो, उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए। धैर्य के साथ लगातार किया गया प्रयास आगे बढ़ने का रास्ता जरूर खोलता है।
ईश्वर की योजना में विलंब हो सकता है, अन्याय नहीं
डीएम अविनाश सिंह ने कहा, ईश्वर की योजना में विलंब हो सकता है, लेकिन अन्याय नहीं। कई बार मेहनत के अनुरूप परिणाम मिलने में समय लगता है। ऐसे समय में निराश होकर हार मानने के बजाय विश्वास बनाए रखना चाहिए और अपने कर्म करते रहना चाहिए। आस्था और विश्वास इंसान को कठिन परिस्थितियों का सामना करने की अंदरूनी ताकत देते हैं।
पर्वों और हिंदी दिवस की दी शुभकामनाएं
जिलाधिकारी ने हरितालिका तीज, श्री गणेश चतुर्थी और हिंदी दिवस की जनपदवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय पर्व और त्योहार हमारी संस्कृति, परंपरा और आस्था के प्रतीक हैं। ये समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करते हैं। हिंदी दिवस पर उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संवाद की भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, भावनाओं और सामाजिक जुड़ाव की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने लोगों से हिंदी का सम्मान करने और इसके अधिकाधिक प्रयोग का आह्वान किया।
गणपति से सुख-समृद्धि की कामना
डीएम अविनाश सिंह ने भगवान श्री गणेश से जनपदवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सफलता की कामना की। साथ ही सभी से पर्वों को आपसी प्रेम, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने संदेश दिया कि जीवन में मुश्किलें आती-जाती रहेंगी, लेकिन धैर्य, कर्म और विश्वास का साथ नहीं छोड़ना चाहिए।