UP NEWSप्रतीकात्मक चित्र

बरेली। किला क्षेत्र में एक ज्वैलर्स पर 365 ग्राम शुद्ध सोना हड़पने का आरोप लगा है। आरोप है कि ज्वैलर्स ने 450 ग्राम ज्वैलरी उधार ली थी। कुछ समय बाद सोना वापस मांगने पर उसने देने से इनकार कर दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज और धमकी भी दी। पीड़ित ने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर किला पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छोटी बमनपुरी निवासी संजय रस्तोगी ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा शौर्य गोल्ड टेस्टिंग सेंटर पर बैठता है। शास्त्रीनगर में ज्वैलरी की दुकान चलाने वाला अंशदीप यादव उसके संपर्क में था। आरोप है कि अंशदीप पहले भी कारोबार के लिए शौर्य से ज्वैलरी ले जाता था और बाद में वापस कर देता था।

450 ग्राम ज्वैलरी लेकर नहीं लौटाया

शिकायत के अनुसार 8 जून को अंशदीप ने शौर्य से 450 ग्राम ज्वैलरी ली। इसमें 365 ग्राम 24 कैरेट शुद्ध सोना था। शौर्य ने यह सोना अलग-अलग सर्राफ से लेकर अंशदीप को दिया था। एक सप्ताह में सोना वापस करने की बात हुई थी। एक सप्ताह बाद सोना मांगने पर अंशदीप ने कहा कि सोना बाजार में लगा दिया है। उसने 15 महीने तक हर महीने 25 ग्राम सोना और एक लाख रुपये लाभांश देने की बात कही। इसके लिए 17 जून को नोटरी इकरारनामा भी कराया गया। आरोप है कि 1 जुलाई को उसने 20 ग्राम सोना और एक लाख रुपये दिए, लेकिन इसके बाद भुगतान बंद कर दिया।

सोना मांगने पर दी धमकी

शिकायतकर्ता के मुताबिक अगस्त में जब शौर्य ने दोबारा सोना और लाभांश मांगा तो अंशदीप ने देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए दोबारा सोना मांगने पर अच्छा नहीं होने की धमकी दी। संजय रस्तोगी ने अंशदीप और उसके पिता सुदीप यादव से बात की तो दोनों ने भी सोना लौटाने से इनकार कर दिया। संजय रस्तोगी ने मामले की शिकायत एसएसपी अनुराग आर्य से की थी। एसएसपी के आदेश पर किला पुलिस ने अंशदीप यादव और उसके पिता सुदीप यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *