Breillyकार से 52 किलो डोडा बरामद

बरेली। बरेली से डोडा खरीदकर पंजाब ले जा रहे दो तस्करों को भोजीपुरा पुलिस और एसओजी ने दबोच लिया। दोनों कार में 52 किलो 400 ग्राम डोडा लेकर पटियाला जा रहे थे। हाईवे पर पुलिस ने कार की तलाशी ली तो नशे की पूरी खेप बरामद हो गई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कार भी कब्जे में ले ली।

भोजीपुरा पुलिस और एसओजी की टीम गुरुवार-शुक्रवार की रात इलाके में गश्त कर रही थी। बिल्वा पुल से सैदपुर चुन्नीलाल की ओर जाते समय हाईवे किनारे खड़े वाहनों को चेक किया जा रहा था। इसी दौरान एसओजी से मिली सूचना पर पुलिस दीदारपट्टी यात्री शेड के पास पहुंची। यहां सफेद रंग की होंडा सिटी कार खड़ी मिली। पुलिस ने कार को चेक किया तो उसमें दो युवक बैठे थे। उनकी पहचान पंजाब के पटियाला निवासी मंगतदीन और परमजीत सिंह उर्फ चरनजीत सिंह के रूप में हुई।

कार की तलाशी ली तो निकला 52 किलो 400 ग्राम डोडा

पुलिस ने कार की तलाशी शुरू की तो उसमें भारी मात्रा में डोडा मिला। वजन कराने पर इसकी मात्रा 52 किलो 400 ग्राम निकली। इतनी बड़ी मात्रा में डोडा मिलने के बाद दोनों युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और होंडा सिटी कार भी कब्जे में ले ली गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने नशे की खेप का पूरा रास्ता बताया। उन्होंने हाईवे पर सोनू नाम के व्यक्ति से डोडा खरीदा था। इसे होंडा सिटी से पटियाला ले जाना था। वहां डोडा बेचकर मिलने वाले रुपये से दोनों कमाई करते थे। पुलिस अब उस सोनू तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जिससे डोडा खरीदने का दावा किया गया है। सोनू को भी मुकदमे में आरोपी बनाया गया है।

नकदी-मोबाइल भी मिले, कार भी पुलिस के कब्जे में

पुलिस ने आरोपियों के पास से 52 किलो 400 ग्राम डोडा के साथ होंडा सिटी कार, दो मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड, एक एटीएम कार्ड और 10 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मंगतदीन के खिलाफ पंजाब में पहले भी आबकारी और एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। वहीं परमजीत सिंह उर्फ चरनजीत सिंह के खिलाफ एनडीपीएस और प्रिजन एक्ट समेत सात पुराने मुकदमे दर्ज हैं। भोजीपुरा पुलिस ने मंगतदीन, परमजीत सिंह उर्फ चरनजीत सिंह और कथित सप्लायर सोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *