NEW DELHIहानिया आमिर के गाने में राखी की आवाज का तड़का

नई दिल्ली। पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर अब अभिनय के बाद गायकी में भी हाथ आजमा रही हैं। हानिया ने अपना पहला रैप सॉन्ग Pablo रिलीज किया है। गाना आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया, लेकिन इससे ज्यादा सुर्खियां इसके आखिर में सुनाई देने वाली राखी सावंत की आवाज बटोर रही है। राखी ने हानिया की तारीफ करते हुए उन्हें ‘शेरनी’ बताया और ट्रोल करने वालों की परवाह नहीं करने की सलाह दी।

आलोचकों को जवाब है Pablo

हानिया आमिर ने Pablo के जरिए उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल और आलोचना करने वालों को जवाब दिया है। गाने में वह अपने अंदाज में यह बताती हैं कि लोग उनके बारे में क्या सोचते हैं, इससे उन्हें फर्क नहीं पड़ता। वह अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीना चाहती हैं। गाने में हानिया उन लोगों पर भी निशाना साधती हैं जो उनकी खूबसूरती और निजी जिंदगी को लेकर लगातार टिप्पणियां करते हैं। वह आलोचकों को अपनी हद में रहने की नसीहत देती हैं और कहती हैं कि हर किसी को आखिर में अपने कर्मों का फल मिलता है।

आखिरी पल में राखी सावंत की सरप्राइज एंट्री

गाना खत्म होने से ठीक पहले अचानक राखी सावंत की आवाज सुनाई देती है। राखी अपने चिर-परिचित अंदाज में हानिया का हौसला बढ़ाती हैं। वह हानिया से कहती हैं कि आलोचनाओं को लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है। राखी उनकी खूबसूरती की तारीफ करते हुए कहती हैं कि लोग उनसे जलते हैं। इसके बाद राखी हानिया को ‘शेरनी’ बताकर डटकर आगे बढ़ने की सलाह देती हैं। आखिर में उनका फिल्मी अंदाज भी सुनाई देता है, ‘जो डर गया, समझो मर गया।’

गाने से ज्यादा राखी की आवाज की चर्चा

हानिया के म्यूजिक डेब्यू के साथ राखी सावंत का यह अनोखा कनेक्शन सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। गाने में राखी की आवाज सुनकर कई प्रशंसक भी हैरान रह गए। सोशल मीडिया पर दोनों के इस अप्रत्याशित मेल को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। राखी भी इस चर्चा का पूरा आनंद लेती दिखाई दे रही हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रशंसकों की प्रतिक्रियाएं साझा की हैं। इसके साथ ही उनका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह तैयार होते हुए हानिया के Pablo पर झूमती नजर आ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *