बरेली। करीब 800 करोड़ रुपये की ठगी के आरोपित कैनविज कंपनी के मालिक कन्हैया गुलाटी और उसके साथियों पर शिकंजा और कस गया है। उसके खिलाफ दर्ज कुल 93 मुकदमों में से 62 की विवेचना अब आर्थिक अपराध शाखा (EOW) को सौंप दी गई है। 12 मुकदमों में जांच पूरी कर चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जा चुकी है, जबकि 19 मामलों की विवेचना अभी प्रचलित है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी प्रकरण में वित्तीय लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं की जांच कर रहा है।
कन्हैया गुलाटी और उसके सहयोगियों के खिलाफ बड़ी संख्या में मुकदमे दर्ज होने के बाद जांच के लिए एसआईटी गठित की गई थी। एसआईटी ने अब तक 12 मुकदमों की विवेचना पूरी कर आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। 19 मुकदमों की जांच अभी जारी है। शेष 62 मुकदमों को अब EOW को ट्रांसफर कर दिया गया है। EOW इन मामलों में निवेश की रकम, वित्तीय लेनदेन, कंपनी से जुड़े लोगों की भूमिका और अन्य आर्थिक पहलुओं की गहराई से जांच करेगी। विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पांच प्रतिशत मासिक मुनाफे का दिया था भरोसा
आरोप है कि कैनविज कंपनी के जरिये लोगों को निवेश पर हर महीने पांच प्रतिशत रकम देने का भरोसा दिया गया था। निवेशकों से कहा गया था कि 22 महीने बाद उनकी पूरी मूल रकम भी वापस कर दी जाएगी। शुरुआती दौर में निवेशकों को कुछ महीनों तक पांच प्रतिशत की रकम दी गई। इससे लोगों का कंपनी पर भरोसा बढ़ा और बड़ी संख्या में निवेश हुआ। बाद में भुगतान बंद होने पर निवेशकों ने पुलिस से शिकायत की और अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए गए। कन्हैया गुलाटी और उसके साथियों के खिलाफ करीब एक साल में मुकदमों की संख्या बढ़कर 93 तक पहुंच गई। इनमें सबसे अधिक मामले बारादरी थाने में दर्ज हुए हैं। मामलों की संख्या और बड़े आर्थिक लेनदेन को देखते हुए पुलिस ने जांच को अलग-अलग स्तर पर आगे बढ़ाया है।
ED भी कर रही वित्तीय नेटवर्क की पड़ताल
इस प्रकरण में प्रवर्तन निदेशालय भी केस दर्ज कर जांच कर रहा है। ईडी की जांच का फोकस कथित मनी लॉन्ड्रिंग और रकम के लेनदेन पर है। वहीं अब 62 मुकदमे EOW को मिलने से आर्थिक अपराध से जुड़े पहलुओं की विस्तृत जांच का रास्ता साफ हो गया है। कन्हैया गुलाटी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है। पुलिस और जांच एजेंसियां प्रकरण में अलग-अलग स्तर पर कार्रवाई आगे बढ़ा रही हैं। एसपी अकमल खान के मुताबिक कन्हैया गुलाटी के खिलाफ अब तक कुल 93 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। इनमें 62 मुकदमों की विवेचना EOW को ट्रांसफर कर दी गई है।