sदो मासूमों की मौत के बाद बिलखते परिजन।

शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। केमुआ पुल के पास पानी से भरे गहरे गड्ढे में नहाने उतरे तीन बच्चे डूबने लगे। इनमें 10 वर्षीय करन और नौ वर्षीय विनय की मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय दीपक किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया। उसने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी दी। हादसे के बाद दोनों बच्चों के परिवारों में कोहराम मच गया।

धरती के फूल खोदने निकले थे बच्चे

पतराजपुर गांव निवासी करन (10), विनय (9) और दीपक (12) सोमवार सुबह कुछ अन्य बच्चों के साथ धरती के फूल खोदने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद बच्चे केमुआ पुल के पास पहुंच गए। यहां पुल के किनारे पानी से भरा गहरा गड्ढा देखकर तीनों उसमें नहाने उतर गए।

गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके, डूबने लगे तीनों

बताया जा रहा है कि गड्ढा काफी गहरा था। नहाने के दौरान तीनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दीपक किसी तरह तैरते हुए किनारे तक पहुंच गया। बाहर निकलते ही वह गांव की ओर दौड़ा और परिजनों व ग्रामीणों को साथियों के डूबने की जानकारी दी।

ग्रामीणों ने निकाला बाहर, अस्पताल में मृत घोषित

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गड्ढे में तलाश के बाद करन और विनय को पानी से बाहर निकाला गया। दोनों को आनन-फानन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दो बच्चों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *