बरेली। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गांव में नीचे झूल रही हाईटेंशन लाइन से ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लगे साउंड सिस्टम का लोहे का पाइप छू गया। इससे पूरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में करंट दौड़ गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक और 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि साउंड सिस्टम संचालक गंभीर रूप से झुलस गया। ट्रॉली में सवार अन्य श्रद्धालुओं ने कूदकर अपनी जान बचाई।
तेज धमाके के साथ दौड़ा करंट, मची अफरा-तफरी
सराय गांव में शनिवार रात करीब आठ बजे श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शोभायात्रा निकाली जा रही थी। इसमें कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां सजाई गई थीं। ग्रामीणों के मुताबिक, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर साउंड सिस्टम लगा था, जिसके साथ लोहे का पाइप लगाया गया था। रास्ते में नीचे झूल रही हाईटेंशन लाइन से पाइप छूते ही तेज धमाका हुआ और ट्रैक्टर-ट्रॉली में करंट दौड़ गया। अचानक हुए हादसे से शोभायात्रा में अफरा-तफरी मच गई। ट्रॉली में बैठे श्रद्धालुओं ने नीचे कूदकर जान बचाई। करंट की चपेट में आए ट्रैक्टर चालक और 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। वहीं, साउंड सिस्टम संचालक बंटी गंभीर रूप से झुलस गया। उसे उपचार के लिए बरेली ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
ग्रामीणों का आरोप- शिकायतों के बाद भी नहीं कसी गई लाइन
हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश है। पूर्व प्रधान तिरमोहन सिंह का आरोप है कि गांव में हाईटेंशन लाइन काफी नीचे झूल रही थी। इसकी पहले भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कराया गया। ग्रामीणों का कहना है कि शोभायात्रा की जानकारी होने के बावजूद लाइन को सुरक्षित ऊंचाई पर करने की व्यवस्था नहीं की गई। हादसे की सूचना मिलते ही एसपी नॉर्थ मुकेश मिश्रा और सीओ डॉ. अरुण कुमार गांव पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पूर्व प्रधान का आरोप है कि हादसे में दो लोगों की जान जाने के बाद भी बिजली विभाग का कोई अधिकारी मौके पर स्थिति देखने नहीं पहुंचा।