bareillyइस तरह बनेगा गांधी उद्यान चौराहा।

बरेली। नाथ कॉरिडोर के जरिए बरेली को आस्था और संस्कृति के साथ आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण प्रस्ताव तैयार किया गया है। महात्मा गांधी उद्यान के सामने गौतम बुद्ध पार्क के पास स्थित चौराहे का कायाकल्प कर इसे गौतम बुद्ध चौक के रूप में विकसित करने की तैयारी है। यहां भगवान गौतम बुद्ध की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। साथ ही चौराहे की यातायात व्यवस्था को नए सिरे से व्यवस्थित कर आवागमन सुगम बनाया जाएगा।

उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने बताया बीडीए नाथ कॉरिडोर के अंतर्गत शहर के प्रमुख स्थलों के सौंदर्यीकरण, यातायात सुधार और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की योजनाओं पर काम कर रहा है। इसी कड़ी में गौतम बुद्ध पार्क के निकट चौराहे के समग्र पुनर्विकास का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

0

बुद्ध प्रतिमा बनेगी आकर्षण का केंद्र

प्रस्ताव के तहत चौराहे का पुनर्निर्माण कर यहां भगवान गौतम बुद्ध की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके बाद चौराहे को गौतम बुद्ध चौकध् के नाम से नई पहचान मिलेगी। यातायात के दबाव को देखते हुए चौराहे की संरचना में भी सुधार किया जाएगा, जिससे वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम और व्यवस्थित हो सके। गांधी उद्यान परिसर में भी नाथ नगरी की सांस्कृतिक विरासत और नाथ कॉरिडोर की थीम को प्रदर्शित करने वाली आकर्षक फोकस वॉल विकसित करने का प्रस्ताव है। इसे इस तरह तैयार किया जाएगा कि यहां आने वाले लोगों को नाथ नगरी की पहचान और सांस्कृतिक विरासत की झलक मिल सके।

स्तूपाकार प्रवेश द्वार बनाने का भी सुझाव

प्रस्ताव को लेकर गौतम बुद्ध पार्क समन्वय संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय से मुलाकात की। समिति ने भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित करने और चौराहे का नाम गौतम बुद्ध चौक रखने के प्रस्ताव का स्वागत किया। समिति ने गौतम बुद्ध पार्क के आगामी विकास में स्तूपाकार प्रवेश द्वार बनाने का सुझाव दिया। इसके साथ ही गौतम बुद्ध मार्ग पर भगवान बुद्ध के धम्म उपदेशों को प्रदर्शित करने की मांग भी रखी। बीडीए की ओर से इन सुझावों को विकास प्रक्रिया में उचित स्थान देने की बात कही गई है।

यातायात, विरासत और पर्यटन को एक साथ जोड़ने की तैयारी

बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय ने कहा कि नाथ कॉरिडोर बरेली की पहचान, आस्था, संस्कृति और विरासत को नई भव्यता देने की महत्वपूर्ण पहल है। मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप शहर का समग्र विकास किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से यातायात सुधार, सौंदर्यीकरण, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन सुविधाओं को एक साथ विकसित करने की योजना है। उन्होंने बताया कि गौतम बुद्ध चौक भी इसी व्यापक योजना का हिस्सा है। भगवान बुद्ध की प्रतिमा, चौराहे का पुनर्विकास और गांधी उद्यान में प्रस्तावित फोकस वॉल से पूरे क्षेत्र को नया स्वरूप मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *