sApple के नए सीईओ टॉर्नस

नई दिल्ली। Apple में करीब डेढ़ दशक बाद नेतृत्व का बड़ा बदलाव हो चुका है। टिम कुक के बाद जॉन टर्नस ने 1 सितंबर 2026 से कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की जिम्मेदारी संभाल ली है। टिम कुक अब कंपनी के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की भूमिका में हैं। लेकिन Apple की कमान हाथ में आने के बाद भी टर्नस का LinkedIn प्रोफाइल लोगों का ध्यान खींच रहा है।

CEO बन गए, LinkedIn पर पुराना पद!

सोशल मीडिया पर चर्चा की सबसे बड़ी वजह टर्नस का LinkedIn प्रोफाइल है। दावा किया जा रहा है कि CEO का पद संभालने के बाद भी उनके प्रोफाइल पर उनकी नई जिम्मेदारी अपडेट नहीं हुई और वहां उनका पुराना पद ही दिखाई दे रहा है। दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी का CEO बनना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। ऐसे में सोशल मीडिया यूजर्स को हैरानी इस बात की है कि टर्नस ने अपनी प्रोफेशनल प्रोफाइल को लेकर कोई खास सक्रियता नहीं दिखाई।

25 साल से Apple के साथ जुड़े हैं टर्नस

जॉन टर्नस का Apple के साथ सफर करीब 25 साल पुराना है। उन्होंने 2001 में कंपनी की प्रोडक्ट डिजाइन टीम जॉइन की थी। 2013 में वह हार्डवेयर इंजीनियरिंग के वाइस प्रेसिडेंट बने और 2021 में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के रूप में Apple की एग्जीक्यूटिव टीम में शामिल हुए। अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने iPhone, iPad, Mac, Apple Watch और AirPods जैसे प्रमुख उत्पादों की हार्डवेयर इंजीनियरिंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। iPad और AirPods जैसी नई प्रोडक्ट लाइनों को आगे बढ़ाने में भी उनका योगदान रहा है।

इतनी बड़ी उपलब्धियां, लेकिन प्रोफाइल बेहद सादा

टर्नस के LinkedIn प्रोफाइल को लेकर हैरानी की एक वजह यह भी है कि Apple में उनके लंबे और महत्वपूर्ण करियर के बावजूद वहां उनकी उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख नहीं है। उनके प्रोफेशनल सफर की जानकारी बेहद सीमित बताई जा रही है। Apple से पहले उन्होंने Virtual Research Systems में मैकेनिकल इंजीनियर के रूप में काम किया था। उन्होंने University of Pennsylvania से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की है।

सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग भी, समर्थन भी

LinkedIn प्रोफाइल अपडेट नहीं होने को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स टर्नस पर चुटकी ले रहे हैं, तो कई उनके समर्थन में भी उतर आए हैं। समर्थकों का कहना है कि बड़ी जिम्मेदारी संभालने वाले हर व्यक्ति के लिए सोशल मीडिया पर अपनी ब्रांडिंग करना जरूरी नहीं है। उनका काम और उपलब्धियां ही उनकी सबसे बड़ी पहचान हैं।

टिम कुक के बाद बड़ी चुनौतियों की कमान

टर्नस ऐसे समय Apple की कमान संभाल रहे हैं, जब कंपनी के सामने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लेकर वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग और अगली पीढ़ी के उत्पादों तक कई बड़ी चुनौतियां हैं। टिम कुक ने 15 साल तक Apple का नेतृत्व किया और अब एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के रूप में कंपनी से जुड़े रहेंगे। ऐसे में दुनिया की नजर इस बात पर रहेगी कि हार्डवेयर इंजीनियरिंग की मजबूत पृष्ठभूमि रखने वाले जॉन टर्नस Apple को अगले दौर में किस दिशा में लेकर जाते हैं। फिलहाल, उनके फैसलों से पहले उनका ‘सादा’ LinkedIn प्रोफाइल ही सुर्खियां बटोर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *