sपूरन लाल लोधी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, भाजपा ब्रज क्षेत्र

बरेली। पांच साल के लंबे इंतजार के बाद भारतीय जनता पार्टी की ब्रज क्षेत्र कार्यसमिति घोषित कर दी गई। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मंजूरी के बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने नई टीम में पुराने और नए चेहरों का संतुलन साधने का दावा किया है। हालांकि, पार्टी के भीतर चर्चा है कि कुछ पुराने जिलाध्यक्षों और पदाधिकारियों को क्षेत्रीय अध्यक्ष से नजदीकी तथा निजी राजनीतिक संबंधों के आधार पर कमेटी में स्थान मिला है। नई कार्यसमिति में बरेली के आठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।


बरेली से एक उपाध्यक्ष, एक महामंत्री और दो मंत्री


ब्रज क्षेत्र की नई टीम में बरेली की डॉ. निवेदिता श्रीवास्तव को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। संजीव शर्मा एडवोकेट को महामंत्री, जबकि डॉ. आदेश गंगवार और दीपक सोनकर को क्षेत्रीय मंत्री की जिम्मेदारी मिली है। पूर्व जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, पूर्व महानगर महामंत्री यतिन भाटिया, आंवला के पूर्व जिलाध्यक्ष वीर सिंह पाल और चंचल गंगवार को क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है। इस तरह बरेली से कुल आठ नेताओं को नई टीम में प्रतिनिधित्व मिला है।


निजी समीकरणों की चर्चा, पुराने पदाधिकारियों की हुई वापसी


नई कार्यसमिति घोषित होते ही भाजपा के अंदर पदों के चयन को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। पार्टी के कुछ नेताओं का कहना है कि क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने संगठनात्मक अनुभव के साथ अपने पुराने संपर्कों और निजी राजनीतिक समीकरणों को भी प्राथमिकता दी है। इसी कारण पूर्व जिलाध्यक्षों और पुराने पदाधिकारियों को दोबारा संगठन की मुख्यधारा में लाते हुए क्षेत्रीय टीम में स्थान दिया गया है।
हालांकि, पार्टी नेतृत्व का दावा है कि चयन में क्षेत्र की राजनीतिक, सामाजिक और भौगोलिक परिस्थितियों के साथ मिशन-2027 की जरूरतों को ध्यान में रखा गया है। निजी संबंधों के आधार पर पद बांटे जाने की चर्चाओं पर संगठन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


37 पदाधिकारियों के सहारे साधा मिशन-2027


ब्रज क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 12 जिलों को प्रतिनिधित्व देने वाली कार्यसमिति में 10 उपाध्यक्ष, चार महामंत्री, 10 मंत्री और 13 सदस्य बनाए गए हैं। आगरा और अलीगढ़ मंडल के कई नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। टीम में नए चेहरों के साथ संगठन में पहले जिम्मेदारी संभाल चुके नेताओं की वापसी ने साफ कर दिया है कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव-2027 से पहले अनुभव और जातीय-क्षेत्रीय समीकरणों पर दांव लगाया है।


डॉ. आदेश गंगवार का पगड़ी पहनाकर स्वागत


क्षेत्रीय मंत्री बनाए गए डॉ. आदेश गंगवार का सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। वह कुछ समय पहले ही महानगर भाजपा की टीम में महामंत्री बनाए गए थे। स्वागत कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, राजीव साहनी, विष्णु शर्मा और अजय प्रताप सिंह समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।


2020 के बाद अब बनी पूर्ण क्षेत्रीय टीम


इससे पहले नवंबर 2020 में तत्कालीन क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने ब्रज क्षेत्र की टीम का विस्तार किया था। उस कमेटी में बरेली से दुर्विजय सिंह शाक्य और हर्षवर्धन आर्य को उपाध्यक्ष तथा रवि रस्तोगी को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया था। वर्ष 2023 में दुर्विजय सिंह शाक्य क्षेत्रीय अध्यक्ष बने, लेकिन उन्हें अपनी नई टीम गठित करने का अवसर नहीं मिला।


पूरन लाल लोधी ने कहा-संतुलन साधकर चुने चेहरे


क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने कहा कि प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व को विश्वास में लेकर राजनीतिक, सामाजिक एवं भौगोलिक संतुलन के आधार पर नई टीम गठित की गई है। मिशन-2027 में विजय के लिए नए, पुराने और सामयिक चेहरों को उचित स्थान दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि नई टीम सामूहिक प्रयासों से ब्रज क्षेत्र में भाजपा की प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनाने का रास्ता तैयार करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *