up newsएसएसपी ऑफिस शिकायत करने पहुंची पीड़िता

बरेली। किला थाना क्षेत्र की सराय चौकी में तैनात दरोगा पर लूट की शिकार महिला से अभद्र व्यवहार करने और कार्रवाई के बजाय दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत एसएसपी अनुराग आर्य से की है।

थाना क्षेत्र के केला बाग निवासी प्रिंसी यादव ने बताया कि उनके साथ हुई लूट की घटना का काफी मशक्कत के बाद मुकदमा दर्ज हुआ, लेकिन एफआईआर के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। इसकी विवेचना सराय चौकी इंचार्ज पीयूष कर रहे हैं। कई बार उनसे संपर्क करने के बावजूद केवल आश्वासन मिलता रहा।

सीएम पोर्टल पर शिकायत के बाद बढ़ा विवाद

महिला ने कार्रवाई न होने पर मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि इसके बाद उसे चौकी बुला कर फोटो खींची गई, लेकिन यह नहीं बताया गया कि तस्वीर किस उद्देश्य से ली जा रही है। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने विवेचक दरोगा पीयूष से केस की प्रगति पूछी तो उन्हें कहा गया, तुम्हारे चक्कर में पुलिस परेशान है, तुम घर बैठी हो और हम परेशान हैं। महिला का कहना है कि इस तरह की भाषा एक पीड़िता का मनोबल तोड़ने वाली है।

कॉल रिकॉर्डिंग के आधार पर जांच की मांग

महिला ने एसएसपी अनुराग आर्य को दिए शिकायती पत्र में बताया कि पूरी बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग उसके पास है। उसने रिकॉर्डिंग की जांच कराकर दोषी पाए जाने पर संबंधित दरोगा के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में विवेचक दरोगा पीयूष ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि वह उसी केस के लिए हाईकोर्ट गए हुए थे, पीड़िता बार-बार फोन कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि आवाज ऊंची हो सकती है, लेकिन पीड़िता के साथ किसी तरह का गलत व्यवहार नहीं किया गया और न ही उन्होंने कोई अभद्र भाषा का प्रयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *