bareillyनारेबाजी करते पशु मित्र

बरेली। जिले में पशुओं को मुंहपका-खुरपका (एफएमडी) रोग से बचाने के लिए शुरू किए गए विशेष टीकाकरण अभियान पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। अभियान की जिम्मेदारी संभाल रहे पैरा वेट्स (पशु मित्र) ने अपनी लंबित मांगों को लेकर गुरुवार को अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। इससे 5.84 लाख से अधिक पशुओं के टीकाकरण अभियान के निर्धारित समय में पूरा होने पर सवाल खड़े हो गए हैं।

विकास भवन में बहिष्कार के दौरान पशु मित्रों ने कहा कि वे पिछले करीब 20 वर्षों से जिले की ग्राम पंचायतों में पशुपालन विभाग के साथ काम कर रहे हैं, लेकिन आज तक उनके लिए कोई स्थायी मानदेय तय नहीं किया गया। वर्तमान व्यवस्था में उन्हें प्रति पशु टीकाकरण पर मात्र पांच रुपये का भुगतान मिलता है, जो उनके परिवार का भरण-पोषण करने के लिए पर्याप्त नहीं है। इसी मांग को लेकर उन्होंने कार्य बहिष्कार का फैसला लिया है।

53 टीमें तैयार, लेकिन जमीनी जिम्मेदारी पशु मित्रों पर

पशुपालन विभाग ने जिले के 5 लाख 84 हजार 550 पशुओं के टीकाकरण के लिए सभी विकास खंडों में 53 टीमें गठित की हैं। इन टीमों का नेतृत्व पशु चिकित्सा अधिकारी और पशुधन प्रसार अधिकारी कर रहे हैं। अभियान के तहत गांव-गांव और घर-घर जाकर निशुल्क टीकाकरण किया जाना है। हालांकि घर-घर पहुंचकर पशुओं को टीका लगाने की मुख्य जिम्मेदारी पैरा वेट्स को सौंपी गई है। ऐसे में उनके कार्य बहिष्कार से अभियान की गति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

पांच रुपये प्रति टीका पर जताई नाराजगी

पशु मित्रों की प्रमुख मांग उनके लिए स्थायी मानदेय निर्धारित करना है। उनका कहना है कि प्रति टीका पांच रुपये का भुगतान मौजूदा महंगाई के दौर में बेहद कम है। उनका आरोप है कि वर्षों से लगातार सेवा देने के बावजूद उनकी आर्थिक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ, जिससे उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

विभाग ने जताई उम्मीद, जल्द सुलझ सकता है मामला

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मनमोहन पांडेय ने बताया कि पैरा वेट्स की ओर से मांगों संबंधी पत्र प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि मानदेय तय करने का निर्णय शासन स्तर पर लिया जाना है। संगठन के प्रतिनिधियों से वार्ता हुई है और उम्मीद है कि वे जल्द कार्य पर लौटेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अभियान को प्रभावित होने से बचाने के लिए विभाग के 60 कर्मचारियों को भी लगाया गया है, जिससे टीकाकरण कार्य जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *