बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र में नैनीताल हाईवे पर एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें अपनी मौत की वजह परिवार की परिस्थितियों को बताया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
थाना क्षेत्र के गांव नवायल निवासी 38 वर्षीय राजीव गंगवार ने गुरुवार दोपहर करीब दो बजे इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो में उसने कहा कि उसकी मां उसे नहीं समझती और उसकी कोई बात नहीं मानती। उसने यह भी स्पष्ट किया कि उसका यह कदम किसी लड़की या प्रेम प्रसंग से जुड़ा नहीं है।
वीडियो में बताई शव मिलने की जगह
वीडियो में राजीव ने कहा कि वह अपने परिवार के लिए अपनी जान दे रहा है। उसने यह भी बताया कि उसका शव मुड़िया टोल प्लाजा से कुछ आगे मिलेगा। वीडियो साझा करने के कुछ ही देर बाद उसने कथित रूप से कोई जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
युवक का शव नैनीताल हाईवे पर मुड़िया टोल प्लाजा से कुछ दूरी पर मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा
इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि मृतक की ठोड़ी पर हल्की चोट का निशान मिला है। प्रथम दृष्टया मामला जहरीला पदार्थ खाने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस इंस्टाग्राम वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।