बरेली। जिला अस्पताल में भर्ती एक महिला आरोपी ने पुलिस को ऐसा चकमा दिया कि देखते ही देखते पुलिस हिरासत से फरार हो गई। बुधवार शाम करीब छह बजे महिला ने बाथरूम जाने की बात कही और इसी दौरान अस्पताल से निकल गई। महिला के फरार होने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी ने दो सिपाही का सस्पेंड कर दिया है, उसकी तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

फरार महिला की पहचान ममता देवी (48) पत्नी पप्पू वाल्मीकि, निवासी तुलाशेरपुर, इज्जतनगर के रूप में हुई है। ममता को 31 अगस्त को जिला जेल से अदालत में पेशी के लिए लाया गया था। पेशी के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जानकारी के मुताबिक अस्पताल में भर्ती कराने की प्रक्रिया में उसके बेटे केशव की भी भूमिका रही।

बाथरूम गई और फिर लौटकर नहीं आई

बुधवार शाम करीब छह बजे ममता ने बाथरूम जाने की बात कही। पुलिसकर्मी उसे लेकर गए, लेकिन इसी दौरान वह पुलिस की निगरानी से निकल गई। कुछ देर बाद जब वह वापस नहीं आई तो पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। अस्पताल परिसर और आसपास महिला की तलाश शुरू की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।

दो महिला पुलिसकर्मियों की लगी थी ड्यूटी

ममता की निगरानी के लिए पुलिस लाइन से महिला हेड कांस्टेबल नूतन सिसोदिया और महिला कांस्टेबल रिंकी की ड्यूटी लगाई गई थी। दोनों की मौजूदगी में ही महिला अभियुक्ता पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गई। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया।

SSP ने दोनों को किया सस्पेंड

महिला अभियुक्ता के फरार होने के मामले में ड्यूटी में लापरवाही मानते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने दोनों महिला पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। उधर, फरार महिला को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

POCSO समेत गंभीर धाराओं में दर्ज है मुकदमा

ममता के खिलाफ फरीदपुर थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। केस में बीएनएस की कई धाराओं के अलावा पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अस्पताल से निकलने के बाद महिला कहां गई और किन लोगों ने उसकी मदद की। उसकी गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में भी पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *