sममता

बरेली। जिला अस्पताल में भर्ती महिला बंदी ने फिल्मी अंदाज में पुलिस सुरक्षा को चकमा दे दिया। टॉयलेट जाने के बहाने वार्ड से निकली बंदी ने अंदर कपड़े बदले और बुर्का पहनकर अस्पताल से फरार हो गई। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर पुलिसकर्मियों ने तलाश शुरू की तो उसके कपड़े टॉयलेट में टंगे मिले। घटना से पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसएसपी ने सुरक्षा में तैनात दोनों महिला पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

पॉक्सो मामले में जेल भेजी गई थी ममता


इज्जतनगर क्षेत्र के गांव तुलाशेरपुर निवासी 49 वर्षीय ममता पत्नी पप्पू को फरीदपुर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में दिसंबर 2025 में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वह केसरपुर स्थित केंद्रीय कारागार-2 में बंद थी। 31 अगस्त को उसे पेशी के लिए जिला न्यायालय लाया गया था। अदालत में तबीयत बिगड़ने के बाद ममता को दो महिला पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था।

बार-बार टॉयलेट जाकर टटोलती रही सुरक्षा व्यवस्था

वार्ड में मौजूद मरीजों के तीमारदारों के मुताबिक, बुधवार दोपहर से ममता बार-बार टॉयलेट जा रही थी। उसके लगातार आने-जाने से सुरक्षा में तैनात महिला पुलिसकर्मी भी परेशान हो गई थीं। माना जा रहा है कि इसी दौरान वह भागने का मौका तलाश रही थी। शाम करीब सात बजे उसने एक बार फिर टॉयलेट जाने की बात कही। उस समय दोनों पुलिसकर्मी खाना खा रही थीं और उन्होंने उसे अकेले जाने दिया।

कपड़े टॉयलेट में टांगे, बुर्के में निकल गई बाहर

काफी देर बाद भी ममता वापस नहीं लौटी तो महिला पुलिसकर्मी उसे देखने टॉयलेट पहुंचीं। वहां बंदी नहीं मिली, जबकि उसके पहने हुए कपड़े टंगे थे। पूछताछ में पता चला कि वह कपड़े बदलने के बाद बुर्का पहनकर अस्पताल से बाहर निकल गई। आशंका है कि फरारी की योजना पहले से तैयार थी और किसी सहयोगी ने उसे बुर्का उपलब्ध कराया।

बेटे को फोन कर दी फरार होने की सूचना

घटना के कुछ देर बाद ममता का बेटा केशव भी उसे तलाशते हुए जिला अस्पताल पहुंचा। उसने पुलिस को बताया कि मां ने किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल से फोन किया था। फोन पर ममता ने कहा कि वह बाहर आ गई है और अब वह अपना मामला स्वयं देख ले। इसके बाद उसकी फरारी में बाहरी व्यक्ति की मदद की आशंका और गहरा गई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलते ही कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव चौधरी पुलिस टीम के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों और अस्पताल में मौजूद लोगों से पूछताछ की। अस्पताल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर महिला बंदी के भागने का रास्ता और उसके मददगारों का पता लगाया जा रहा है। लापरवाही सामने आने पर एसएसपी ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात दोनों महिला पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *