चौपाल और कैडर पंचायत के जरिए कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद, जनता तक पहुंचाएंगे सपा की नीतियां
बरेली। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने आंवला सांसद नीरज मौर्य को छह जिलों में महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें विधानसभा क्षेत्रों में चौपाल और कैडर पंचायत आयोजित कर कार्यकर्ताओं व आम लोगों से संवाद करने के निर्देश दिए गए हैं।
छह जिलों में संभालेंगे मोर्चा
प्रदेश अध्यक्ष की ओर से जारी पत्र के मुताबिक सांसद नीरज मौर्य को फर्रुखाबाद, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर और उन्नाव के विधानसभा क्षेत्रों में चौपाल एवं कैडर पंचायत आयोजित करनी होंगी। इन कार्यक्रमों के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने के साथ संगठन की जमीनी स्थिति का आकलन किया जाएगा।
जनता तक पहुंचाएंगे सपा की नीतियां
चौपाल और कैडर पंचायतों में सपा की नीतियों, कार्यक्रमों और पूर्ववर्ती सरकार के विकास कार्यों को जनता के बीच रखा जाएगा। सांसद स्थानीय कार्यकर्ताओं से उनकी समस्याएं और सुझाव भी जानेंगे तथा फीडबैक पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाएंगे।
विधानसभा चुनाव से पहले संगठन पर फोकस
आंवला संसदीय क्षेत्र से बाहर छह जिलों की जिम्मेदारी मिलने से सांसद नीरज मौर्य की संगठनात्मक भूमिका का दायरा बढ़ गया है। पार्टी नेतृत्व की इस कवायद को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।