crimeमृतक सुमित का फाइल फोटो।

बरेली। बहेड़ी में एक सप्ताह पहले गंभीर हालत में मिले सुमित कुमार ने शनिवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कई दिनों से जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे सुमित की मौत के बाद मामला और उलझ गया है। परिवार इसे मारपीट के बाद हुई मौत बता रहा है, जबकि पुलिस का कहना है कि युवक हादसे में घायल हुआ था। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह साफ होने की उम्मीद है।

थाना क्षेत्र के देवीपुरा निवासी भूप सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 21 अगस्त को उनके 18 वर्षीय भाई सुमित का ग्राम गरीबपुरा निवासी परमवीर, सचिन और कपिल से विवाद हुआ था। आरोप है कि दोपहर में तीनों ने सुमित को रोककर गाली-गलौज की और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद शाम को सुमित बाइक से घर के लिए निकला था। परिवार के मुताबिक, सुमित देवीपुरा बाजार से करीब 100 मीटर पहले पहुंचा था, तभी आरोपियों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से उस पर ताबड़तोड़ वार किए गए। हमले में सुमित बुरी तरह घायल हो गया। हमलावर उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर भाग निकले।

कई दिन ICU में लड़ी जिंदगी की जंग

सुमित के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। उसे पहले सीएचसी बहेड़ी ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण बरेली के निजी अस्पताल भेज दिया गया। कई दिनों से सुमित आईसीयू में भर्ती था। शनिवार सुबह इलाज के दौरान उसकी सांसें थम गईं। 18 साल के बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सुमित की मौत के बाद सबसे बड़ा सवाल उसके घायल होने की वजह को लेकर खड़ा हो गया है। परिवार का दावा है कि मारपीट में आई गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हुई। दूसरी ओर बहेड़ी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा का कहना है कि सुमित हादसे में घायल हुआ था और पीआरवी ने उसे मौके से उठाकर अस्पताल पहुंचाया था।

पुलिस ने माना- उसी दिन दोस्तों से हुई थी मारपीट

पुलिस ने यह भी स्वीकार किया है कि 21 अगस्त की दोपहर सुमित की दोस्तों के साथ मारपीट हुई थी। इस मामले में परिवार की तहरीर पर मुकदमा भी दर्ज किया गया था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रात में सुमित को लगी गंभीर चोटें उसी मारपीट से जुड़ी थीं या वह किसी हादसे का शिकार हुआ था। परिवार और पुलिस के अलग-अलग दावों के बीच अब सुमित की पोस्टमार्टम रिपोर्ट बेहद अहम हो गई है। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा के मुताबिक मामले की विवेचना चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *